प्रदेश सरकार सभी बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए कृत संकल्प – संजय अवस्थी


रा.व.मा.पा. बनी मटेरनी में 1.05 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले विज्ञान खण्ड भवन की रखी आधारशिला
‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत किया जन समस्याओं का निवारणअर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मटेरनी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनी मटेरनी में 1.05 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले विज्ञान खण्ड भवन की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित छात्रों एवं अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।


संजय अवस्थी ने कहा कि शिक्षा विकसित समाज का आधार है। समग्र विकास सुनिश्चित बनाने और विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचाने में शिक्षित एवं परिश्रमी समाज महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तायुक्त शिक्षा उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार का उत्तरदायित्व है। गत तीन वर्षों में गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इनके सकारात्मक परिणाम अब दृष्टिगोचर हो रहे हैं। 


विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों, अध्यापकों के परिश्रम और बच्चों के दृढ़ निश्चय से आज हमारे सरकार स्कूल निरंतर सुधार कर रहे हैं। यह सुधार विभिन्न मानकों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण-2025 में देश में पांचवें स्थान पर है और राज्य की साक्षरता दर 99.3 प्रतिशत है। वर्ष 2021 में इस सर्वेक्षण में हम 21वें स्थान पर थे। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में हिमाचल निरंतर सुधार कर रहा है।


संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तायुक्त शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी तीन स्थानों पर राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं।

प्रत्येक स्कूल के प्रारम्भिक कार्य के लिए 02 करोड़ रुपए स्वीकृत हो गए हैं और शीघ्र ही कार्य आरम्भ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सभी प्रयास शिक्षा क्षेत्र को और बेहतर कर युवाओं को स्वावलम्बी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायत मटेरनी व आस-पास के क्षेत्रों में जलापूर्ति वितरण में सुधार के लिए 2.30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृति की गई है।


उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मटेरनी में कम वोल्टेज की समस्या के निदान के लिए 03 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृति की गई है। इसमें से जयनगर से मटेरनी के लिए 05 किलोमीटर की नई एचटी लाईन के लिए 75 लाख रुपए व जयनगर से मटेरनी के लिए 04 किलोमीटर की नई एलटी लाईन के लिए 40 लाख रुपए, नए ट्रांसफार्मरों की स्थापना एवं पुराने ट्रांसफार्मरों की मुरम्मत के लिए 1.60 करोड़ रुपए तथा नई केबल के लिए 15 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।

इनका कार्य आरम्भ हो गया है। उन्होंने निक्कूझाल से सारमा सम्पर्क मार्ग तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनी मटेरनी के मार्ग निर्माण के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मटेरनी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित करने के लिए उच्च स्तर पर मामला उठाया जाएगा।


संजय अवस्थी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनी मटेरनी में मंच के शैड निर्माण कार्य के लिए 02 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 5100 रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूह को समान क्रय करने के लिए 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूह को उचित स्तर पर पंजीकरण करवाना होगा।


राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनी मटेरनी के प्रधानाचार्य संजीव कुमार शर्मा ने मुख्यातिथि व सभी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। संजय अवस्थी ने तदोपरांत ‘विधायक गांव के द्वार’ के तहत जन समस्याएं सुनीं तथा इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।


इस अवसर पर बाघल लैंड लूज़र परिवहन समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के रमेश ठाकुर, रघुराज पराशर, जगन्नाथ शर्मा, रोशन लाल जगोता, कांग्रेस सेवादल अर्की के अध्यक्ष जय प्रकाश, उपमण्डलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, उप निदेशक शिक्षा सोलन गोपाल चौहान, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कांत, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हंस राज, महिला विकास समिति बनी मटेरनी व महिला मण्डल क्यारी के सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक व छात्र उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading