स्वस्थ नारी से ही सशक्त बनेगा परिवार एवं समाज:  राजेश धर्माणीप्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में किये अहम सुधार, शिमला व टांडा में राॅबोटिक सर्जरी शुरूघुमारवीं में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ मौके पर बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री

बिलासपुर,

नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि मां के स्वास्थ्य से ही बच्चे व परिवार का स्वास्थ्य जुड़ा होता है। परिवार स्वस्थ होगा तभी एक सशक्त एवं सुदृढ़ समाज का निर्माण संभव है। राजेश धर्माणी आज घुमारवीं के सिविल अस्पताल परिसर में ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार‘ अभियान के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। यह अभियान आगामी 2 अक्तूबर तक चलेगा।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। महिलाएं स्वस्थ होंगी तभी हमारा परिवार स्वस्थ होगा, जिससे एक स्वस्थ, सशक्त एवं मजबूत देश का निर्माण संभव होगा।

उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ परिवार व समाज ही देश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकता है।राजेश धर्माणी ने कहा कि अधिकतर बीमारियां हमारे खान-पान और रहन-सहन के कारण ही उत्पन्न होती हैं। उन्होंने लोगों से सादा भोजन, योग, व्यायाम और ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करने पर बल दिया।

साथ किसानों से खेतों में कीटनाशक दवाओं और रासायनिक स्प्रे का अत्यधिक प्रयोग न करने का भी आह्वान किया, जिसके कारण आज कैंसर, किडनी संबंधी समस्याएं तथा अन्य गंभीर बीमारियां तेजी से पांव पसार रही है। उन्होंने लोगों से तनावमुक्त जीवन शैली अपनाने, प्रकृति के साथ चलने, बनावटी जीवन शैली से दूर रहने तथा सादगीपूर्ण जीवन शैली अपनाने पर भी जोर दिया। 


तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कई अहम सुधार कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल में वर्तमान में पांच विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं तथा जल्द ही एक अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति होने जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार के इस कदम से जहां लोगों को घर-द्वार के समीप ही बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित हो रही हैं तों वहीं प्रदेश के बड़े अस्पतालों एवं चिकित्सा महाविद्यालयों में बढ़ते दवाब को भी कम करने में मदद मिलेगी।


राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिमला के चमियाणा स्थित अटल इंस्टीच्यूट आॅफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटीज (एआईएमएसएस) तथा कांगड़ा में डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल टांडा में राॅबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध करवा दी है। इसके अलावा, अत्याधुनिक हाईटेक लैबोरेटरी की स्थापना पर 300 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों की जांच रिपोर्ट और भी सटीक और विश्वसनीय हो सकेगी।

उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश में 28 स्थानों पर डायलिसिस सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। किडनी रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिसका बड़ा कारण कीटनाशक दवाओं का अत्यधिक प्रयोग और पेनकिलर दवाओं का दुरुपयोग है। इन डायलिसिस केंद्रों के माध्यम से मरीजों को उनके नजदीकी क्षेत्र में ही सुविधा मिलेगी।


उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं उनकी टीम द्वारा एक सराहनीय पहल है, जिसके दूरगामी परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील की कि वह परिवार की माताओं, बहनों और बेटियों को इस कार्यक्रम का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। साथ ही ज्यादा से ज्यादा महिलाओं से स्वास्थ्य जांच करवाकर जुड़ने का आह्वान किया ताकि इस अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति हो सके।


इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान को लेकर शपथ भी दिलाई।
इससे पहले खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुपम शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान की अवधि के दौरान रविवार को भी स्वास्थ्य संस्थान खुले रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं स्वास्थ्य जांच का लाभ उठा सकें।


उन्होंने बताया कि इन जांच शिविरों में महिलाओं का बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन स्तर, दांतों की स्थिति, स्तन कैंसर से संबंधित जांच, गैर-संचारी रोगों और अन्य स्त्री रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को खान-पान संबंधी जानकारियां भी दी जाएंगी, जिनमें नमक और तेल का कम से कम प्रयोग करने पर विशेष बल दिया जाएगा। साथ ही बताया कि अभियान के तहत सभी महिलाओं की जांच रिपोर्ट ऑनलाइन पोर्टल पर भी उपलब्ध रहेगी।


इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल, घुमारवीं नगर परिषद् की अध्यक्षा रीता सहगल, उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, विभिन्न पंचायतीराज एवं स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading