शाहतलाई (बिलासपुर)
बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास शाहतलाई की बैठक आज आयुक्त बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास शाहतलाई एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 5 करोड़ 71 लाख रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में विकासात्मक कार्यों के लिए 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपये व्यय करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त बाबा बालक नाथ के चैत्र मास के मिलन (मेला) के सफल आयोजन हेतु विभिन्न व्यवस्थाओं पर 64 लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया है। आर्थिक सहायता मद में 7 लाख रुपये तथा वार्षिक मरम्मत (एनुअल रिपेयर) के लिए साढ़े 5 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं नॉन-प्लान मद के अंतर्गत 2 करोड़ 56 लाख 50 हजार रुपये का बजट प्रावधान किया गया।

बैठक के दौरान आयुक्त बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास शाहतलाई एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने मंदिर परिसर में श्री नैना देवी जी की तर्ज पर आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा सके।
उन्होंने चरण गंगा के सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए जल शक्ति विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मंदिर के जीर्णोद्धार कार्यों को गति देने पर भी विशेष बल दिया गया। बाबा बालक नाथ मंदिर शाहतलाई में लाइब्रेरी खोलने हेतु स्थान चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।
आयुक्त बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास शाहतलाई एवं उपायुक्त बिलासपुर ने आर्शिया शर्मा, एसडीएम झंडूता को निर्देश दिए कि समय-समय पर समीक्षा बैठकें आयोजित कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को शीघ्र बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
इसके अतिरिक्त गौशाला के लिए एक हेक्टेयर भूमि का प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन हेतु भेजने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में सोलर लाइटें स्थापित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।स्वास्थ्य सेवाओं के संदर्भ में उपायुक्त ने झंडूता स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में क्षयरोग (टीबी) मरीजों के लिए श्री नैना देवी जी की तर्ज पर न्यूट्रिशन किट उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव तैयार कर उपायुक्त कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए, ताकि इस संबंध में शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जा सके।
बैठक में विवेक कुमार, बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास शाहतलाई की अध्यक्ष एवं एसडीएम झंडूता आर्शिया शर्मा, मंदिर प्रभारी विजय ठाकुर, मंदिर न्यासीगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.