बिलासपुर
सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी मंदिर में 22 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक आश्विन नवरात्र मेले का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर न्यास आयुक्त एवं उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में एसडीएम स्वारघाट को मेला अधिकारी तथा एसएचओ कोट को सहायक पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया। आश्विन नवरात्र मेलों के दौरान प्रतिदिन 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र को 9 सेक्टरों में विभाजित कर 6 सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मेले के दौरान पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की शिकायत न हो। इस उद्देश्य से 200 होमगार्ड्स को ड्यूटी पर तैनात किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच एवं आपातकालीन सेवाओं के लिए आयुर्वेदिक एवं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी तथा स्वास्थ्य सहायता कक्ष को 24 घंटे खुला रखने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार स्वच्छ पेयजल व सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जल शक्ति विभाग और नगर परिषद श्री नैना देवी जी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी दिए गए।उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान यातायात प्रबंधन और लंगर की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।
बैठक में आपदा प्रबंधन के पहलुओं पर भी विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्र में सेफ्टी ऑडिट करवाकर उसका प्रमाणपत्र शीघ्र मंदिर अधिकारी को उपलब्ध करवाएं।इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.