डॉ. शांडिल ने सोलन शहर एवं आस-पास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाने के दिए निर्देश

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने नगर निगम सोलन तथा जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए हैं कि सोलन शहर एवं आस-पास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाने के लिए हर सम्भव उपाय सुनिश्चित बनाएं।


डॉ. शांडिल ने आज नगर निगम सोलन की महापौर, पार्षदों, उपायुक्त तथा जल शक्ति विभाग एवं नगर निगम सोलन के अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ सोलन शहर को पेयजल आपूर्ति करने वाले भण्डारण टैंकों का निरीक्षण किया और पेयजल की कमी से उत्पन्न स्थिति का जायज़ा लिया।


उन्होंने जल शक्ति विभाग तथा नगर निगम के अधिकारियों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने तथा शहर वासियों को पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने हाल ही में मंत्रीमण्डल के निर्णय के माध्यम से सोलन शहर में जलापूर्ति दरों के मामले को जनहित में सुलझाते हुए वृहद स्तर पर निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है और सम्बन्धित विभागों को लोगों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने में सभी उपाय करने चाहिएं।


उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण जलापूर्ति में समस्या आ रही है लेकिन इस समस्या का समयबद्ध निदान होना चाहिए। उन्होंने जल स्त्रोत में गाद, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य समस्याओं के शीघ्र निपटारे पर बल दिया।
डॉ. शांडिल ने पेयजल टैंको की भण्डारण क्षमता बढ़ाने और अन्य समस्याओं के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।  

 
नगर निगम सोलन की महापौर उषा शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद, सेवा निवृत कर्नल डॉ. संजय शांडिल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रमेश ठाकुर, राज्य व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता कापटा, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी सहित गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी एवं कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading