सुंदरनगर,
एम.एल.एस.एम. कॉलेज, सुंदरनगर में जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) मंडी तथा कार्यान्वयन एजेंसी निटकॉन लिमिटेड के सहयोग से रैंप परियोजना के अंतर्गत एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम एंटरप्रेन्योरशिप अवेयरनेस प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता विकास कार्यक्रम (ईडीपी) के अंतर्गत व्यवसायिक जागरूकता, विचार सृजन, वित्तीय प्रबंधन तथा स्वरोज़गार को बढ़ावा देने वाली विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया तथा उन्हें नवाचार आधारित व्यावसायिक विचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कामेश्वर कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को उद्यमशील सोच अपनाने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।
डॉ. लतेश कपूर ने व्यवसायिक जागरूकता, व्यवसायिक विचार निर्माण एवं वित्तीय प्रबंधन विषयों पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। साथ ही उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध संस्थागत सहयोग तंत्र की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।

कार्यक्रम का समन्वयन प्रो. पूजा ठाकुर द्वारा किया गया, जिनके कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महाविद्यालय के प्राध्यापकों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुई, जिससे उन्हें भविष्य में उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई दिशा प्राप्त हुई।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.