जिला स्तरीय काठगढ़ महादेव शिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन आर.एस. बाली रहे मुख्य अतिथि,विधायक मलेंद्र राजन रहे विशेष अतिथि*                                                    *काठगढ़ महादेव की आरती होगी लाइव, मंदिर परिसर में लगेंगी हाई-मास्ट लाइटें: आर.एस. बाली*


इंदौरा,

ऐतिहासिक शिव मंदिर काठगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन शिव-भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर हि. प्र. पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि विधायक मलेंद्र राजन विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि ने प्राचीन काठगढ़ महादेव के पावन धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष द्वारा मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को पारंपरिक पगड़ी एवं हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।


अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पर्व हमारी सनातन संस्कृति, श्रद्धा और आस्था के प्रतीक हैं, जो समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि काठगढ़ महादेव से उनकी गहरी आस्था जुड़ी हुई है और यह पावन धाम न केवल धार्मिक बल्कि आध्यात्मिक चेतना का भी प्रमुख केंद्र है, जिसे आने वाली पीढ़ियों के लिए संजोकर रखना हम सभी का दायित्व है।


  आर.एस. बाली ने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए काठगढ़ महादेव की आरती को लाइव प्रसारण से जोड़ने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए उन्होंने पर्यटन विभाग के निदेशक को तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा डमटाल में पर्यटन विभाग का होटल स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिससे काठगढ़ सहित आसपास के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अंतर्गत उन्होंने लोक निर्माण विभाग को ड्राइंग तैयार करने तथा राजस्व विभाग को मार्च से पूर्व भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी बजट में इसके निर्माण हेतु धन का प्रावधान किया जा सके।


विधायक मलेंद्र राजन के आग्रह पर आर.एस. बाली ने काठगढ़ महादेव की दिव्य छवियों को हिमाचल पर्यटन विभाग के 10 होटलों में प्रदर्शित करने के निर्देश जारी करने की घोषणा की, जिससे प्रदेश भर में इस पावन धाम की महिमा और अधिक प्रसारित हो सके।

इसके साथ ही उन्होंने अपने स्वर्गीय माता-पिता की स्मृति में मंदिर सुधार सभा को अन्य विकास एवं धार्मिक कार्यों के लिए एक लाख रुपये की राशि प्रदान की। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए लगभग 10 लाख रुपये की लागत से हाई-मास्ट लाइट स्थापित करने की भी घोषणा की।


  इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने भी सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक काठगढ़ शिव मंदिर देश-विदेश से आने वाले शिव-भक्तों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कांगड़ा जिला को पर्यटन राजधानी घोषित किया गया है और इसके तहत काठगढ़ महादेव, क्यालु महाराज मंदिर गंगथ एवं राम मंदिर डमटाल जैसे धार्मिक स्थलों को भी विकसित कर इन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने के प्रयास किये जायेंगे।


  इस अवसर पर महंत कालिदास,काठगढ़ मंदिर सुधार सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच,महंत नितिन कुमार,पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण पठानिया,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देविंदर मंकोटिया,कांग्रेस डिस्ट्रिक्ट यूथ प्रेसिडेंट विकु भारद्वाज,संजू,अभय सैनी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता कटोच,पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा,
युवा कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया,पूर्व प्रधान जर्म सिंह ठाकुर,मास्टर कमल किशोर,एएसपी धर्मचंद वर्मा, एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, डीएसपी संजीव कुमार, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी दीपक महाजन,  एक्सईएन इलेक्ट्रिसिटी संदीप सन्याल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading