बैजनाथ
76वें वन महोत्सव के अवसर पर आज गुनेहड़ पंचायत में विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने का साधन ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी विरासत है।
वन महोत्सव के दौरान विधायक किशोरी लाल ने अपने संबोधन में क्षेत्रवासियों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते जलवायु परिदृश्य में पेड़ों का महत्व और बढ़ गया है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का वर्चुअल संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने प्रदेशवासियों को वन महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के लिए सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया।
विधायक किशोरी लाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा आज राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने वर्चुअल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का इस महत्वपूर्ण योजना के लिए धन्यवाद व्यक्त किया तथा आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ में इस योजना के अंतर्गत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा और वनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इस मौके पर राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत महिला मंडल गुनेहड़ को वन विभाग के सौजन्य से विधायक किशोरी लाल द्वारा 2 लाख 40 हजार का चैक भेंट किया गया।इससे पूर्व विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने क्योर में जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा करते हुए हर प्रकार की समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।

विधायक ने कहा कि सरकार जनहित के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत गुनेहड़ अंजना देवी, क्योरी शिव कुमार, रेंज वन अधिकारी बीड़ अंजना ठाकुर, रेंज वन अधिकारी बैजनाथ दीपक भरमौरी, रेंज वन अधिकारी अक्षय राणा, सहायक अभियंता जलशक्ति शरती शर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण अरविंद, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रविंदर राव, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, अतुल चौधरी, सुमित सत्ती, कार्तिक राणा, सुमित सत्ती, मिलाप राणा, शशि राणा, चमन भट्ट सहित महिला मंडल गुनेहड़ एवं वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.