भोरंज और सुजानपुर के विधायकों ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
हमीरपुर 13 फरवरी। भोरंज के विधायक सुरेश कुमार और सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने शुक्रवार को यहां हमीर भवन में राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला और उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस अवसर पर सुरेश कुमार ने कहा कि सुजानपुर के होली उत्सव का अपना एक अलग ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व है। यह उत्सव इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा और इसे भव्य रूप दिया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए आयोजन समिति और सभी संबंधित विभागों की ओर से किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि होली उत्सव की तैयारियों एवं इसके सुचारू आयोजन के लिए आयोजन समिति के अलावा अलग-अलग उपसमितियों का गठन भी कर दिया गया है और इन उप समितियों में गैर सरकारी सदस्यों को भी शामिल किया गया है। सुरेश कुमार ने कहा कि सभी उपसमितियों के अध्यक्ष और सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दें। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं से संबंधित सभी टैंडर और अन्य प्रक्रियाएं पारदर्शिता के साथ पूर्ण होनी चाहिए। इनमें किसी भी तरह का अनावश्यक विवाद नहीं होना चाहिए।
बैठक में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेलकूद, महिलाओं का सामूहिक लोकनृत्य झमाकड़ा, रस्साकशी और कई अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इनमें अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी होनी चाहिए।

उत्सव की चारों सांस्कृतिक संध्याओं के लिए कलाकारों के चयन, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों के आयोजन, उदघाटन और समापन अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभा यात्रा, निमंत्रण कार्ड तथा स्मारिका के प्रकाशन, प्रदर्शनी स्टॉल्स, परिवहन, पार्किंग, यातायात, कानून व्यवस्था, सफाई, शौचालय और अन्य सभी व्यवस्थाओं को लेकर बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला, एसी टू डीसी चिराग शर्मा और विभिन्न उपसमितियों के अन्य अधिकारियों ने अभी तक की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने भी बैठक में भाग लिया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.