गांव को आत्मनिर्भर बनाकर प्रदेश की आर्थिकी को मज़बूत करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध – संजय अवस्थी                                                                                     ग्राम पंचायत कशलोग में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित


अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव को आत्मनिर्भर बनाकर हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कशलोग में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याओं के निराकरण के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।


संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के दूर दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की शिकायतों के उनके घर-द्वार पर निराकरण के लिए ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम आरम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुलझ रही हैं, उनके शीघ्र होने वाले कार्य हो रहे हैं वहीं उनके धन व समय की बचत भी हो रही हैं।

 
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गांव को आत्मनिर्भर बनाए बिना प्रदेश का चहुंमुखी विकास नहीं किया जा सकता। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए सरकार ग्रामीण आर्थिकी पर ध्यान दे रही है।


उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने विभिन्न योजनाएं आरम्भ की हैं। गाय व भैंस के दूध का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाना, प्राकृतिक खेती से उगाए गए उत्पादों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में आशातीत वृद्धि व प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक पहुंचने के लिए ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम इसी दिशा में सकारात्मक पहल हैं।


संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में किसानों, बागवानों व पशु पालाकों के हित के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, देश में बागवानी नीति लागू करने वाला पहला राज्य बनने जा रहा है। इस निर्णय से लगभग 82,500 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोज़गार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा फलों के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि की गई है। इससे बागवान व्यापक स्तर पर लाभान्वित हो रहे हैं।


विधायक ने कहा कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार राजस्व घाटा अनुदान के कारण उत्पन्न अभूतपूर्व वित्तीय परिस्थिति से निपटने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अपने तीन साल के कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने वित्तीय अनुशासन के साथ हिमाचल की आर्थिकी को सुधारने के लिए प्रयास किए हैं और तीन वर्ष में अपने प्रयासों से 3800 करोड़ रुपए से अधिक राजस्व एकत्रित किया है जोकि पूर्व सरकार की तुलना में कहीं अधिक है।


संजय अवस्थी ने इस अवसर पर ग्राम पंचायत कशलोग के लिए 25 सोलर लाईट, राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए तथा शेरवाला व चाखडु गांव में सामुदायिक भवन की छत के निर्माण के लिए 03 लाख रुपए देने की घोषणा की।


उन्होंने कशलोग गांव के मोक्षधाम में शैड के जीर्णोद्धार के लिए 03 लाख रुपए तथा भोवनाली से क्यारटु गांव तक सम्पर्क मार्ग के निर्माण के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने महिला मण्डल कशलोग, नेवड़ी व स्वार कनैता को सामान क्रय करने के लिए 21-21 हजार रुपए तथा युवक मण्डल कशलोग व सेर वाला को सामान क्रय करने के लिए 21-21 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। 

 
अम्बुजा-दाड़ला-कशलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, उप प्रधान जयसिंह ठाकुर, बाघल लैंड लूजर समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सी.डी. बंसल, गुरदासू राम, मनोज गौतम, गंगा राम, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, उपमंडलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बेलीराम कश्यप, महिला मण्डल कशलोग व नेवड़ी के सदस्य, युवक मण्डल कशलोग व शेरवाला के सदस्य विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading