उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज नालागढ़ में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र की ट्रक ऑपरेटर यूनियनों के सम्बन्ध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
मनमोहन शर्मा ने इस अवसर पर ट्रक ऑपरेटर यूनियनों की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को सुना और सम्बन्धित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में कच्चे माल की आवाजाही और उत्पादों को बाज़ार तक पहुंचाने में ट्रक यूनियनों की विशेष भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और ज़िला प्रशासन उद्योगों एवं ट्रक यूनियनों को आवश्यक सहयोग के माध्यम से यह सुनिश्चित बना रहा है कि सभी के हित से हिमाचल का व्यापक लाभ हो।
मनमोहन शर्मा ने कहा कि बीबीएन क्षेत्र प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है। यहां उद्योग, कामगार एवं ट्रक यूनियनों के मध्य आपसी समन्वय महत्वपूर्ण है।

उन्होंने दभोटा ट्रक ऑपरेटर यूनियन को निर्देश दिए कि नए ट्रकों को यूनियन के साथ जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की वरिष्ठता सूची समयबद्ध उपमंडलाधिकारी नालागढ़ को उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित बनाएं कि इस प्रक्रिया को सदस्यता खुलने के अनुरूप निर्धारित समय अनुसार पूरा किया जाए।
उपायुक्त ने ट्रक ऑपरेटर यूनियन नालागढ़ के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि अपनी आगामी सामान्य सभा में दभोटा ट्रक ऑपरेटर सहकारी समिति लिमिटिड एवं ट्रक आपरेटर यूनियन नालागढ़ के विलय से संबंधित प्रस्ताव को आपसी सहमति द्वारा पूर्ण करने के लिए प्रयास करें।
बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड नालागढ़ के आवश्यक सामग्री व उपकरणों की माल ढुलाई, पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा तथा लंबित मामलों के समाधान पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में वाहनों की ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण के सम्बन्ध में भी सार्थक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में ट्रक ऑपरेटर यूनियनों द्वारा यातायात व्यवस्था, अधिक भार ढुलाई की रोकथाम, मार्ग निर्धारण, औद्योगिक क्षेत्रों में ट्रकों की आवाजाही, आपसी विवादों का समाधान तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर सुझाव रखे गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भविष्य में बीबीएन ट्रक ऑपरेटर यूनियन द्वारा नई गाड़ियों की सदस्यता खुलने की स्थिति में दभोटा ट्रक ऑपरेटर यूनियन की गाड़ियों को कुछ प्रतिशतता के आधार पर प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र अहलूवालिया, उपमंडलाधिकारी बद्दी संजीव धीमान, तहसीलदार नालागढ़ हुस्न चंद, ट्रक ऑपरेटर यूनियन नालागढ़ के प्रधान विद्या रत्न, नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर यूनियन सहकारी समिति के प्रधान जितेंद्र, दभोटा ट्रक आपरेटर यूनियन के प्रधान राजेंद्र सिंह, दभोटा ट्रक ऑपरेटर यूनियन सहकारी समिति के प्रधान सुरमत सिंह, यूनियन के सदस्य हजूरा सिंह सैनी तथा अन्य प्रतिनिधि सदस्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.