बिलासपुर,
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा तहसील कल्याण अधिकारी झंडूता के माध्यम से तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर के सहयोग से प्रोटेक्टिव एजिंग कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय झंडूता में “अंतर-पीढ़ी संवाद एवं सुरक्षित वृद्धावस्था” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी झंडूता अर्शिया शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यशाला का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बढ़ती आयु से जुड़ी समस्याओं के प्रति जागरूक करना, उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना, डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना तथा युवाओं और बुजुर्गों के बीच संवाद को सुदृढ़ कर पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के प्रारंभ में तहसील कल्याण अधिकारी झंडूता कमल कांत शर्मा ने मुख्य अतिथि, गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
मुख्य अतिथि अर्शिया शर्मा ने अपने संबोधन में युवाओं से अपने माता-पिता तथा दादा-दादी के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है और उनका सम्मान करना भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए वरिष्ठ नागरिकों के साथ अपने संबंधों पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। डॉक्टर गौरव ने मानसिक स्वास्थ्य, योग, स्वास्थ्य देखभाल एवं सामाजिक संरक्षण से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन दिया। पुलिस विभाग के प्रतिनिधि सन्नी कपिल ने वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
यूको बैंक झंडूता के प्रबंधक अनुपम कुमार ने वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि अधिवक्ता प्रकाश चंद बंसल ने अंतर-पीढ़ी संवाद विषय पर विशेष सत्र का संचालन किया। इन सत्रों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा, कानूनी संरक्षण, डिजिटल सतर्कता, वित्तीय जागरूकता एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया समापन अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान एवं नशा मुक्त हिमाचल के तहत सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई, जिसका उद्देश्य समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ एवं जागरूक वातावरण का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक, विद्यार्थी एवं युवा स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय झंडूता के प्रधानाचार्य, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी जिला बिलासपुर के सचिव, वरिष्ठ नागरिक हुक्म सिंह ठाकुर, चैन सिंह सुमन, पी.एल. जनेऊ, बीरबल धीमान, सुशील पूडीर, ढडबलिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.