बिलासपुर,
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के समन्वय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने की, जिसमें उपनिदेशक कृषि डॉ. कुलभूषण धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना कृषि क्षेत्र को उन्नत बनाने, किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने तथा फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना के अंतर्गत विभिन्न विभागों की 36 योजनाओं को एकीकृत कर किसानों को सिंचाई, भंडारण, आसान ऋण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सीधे उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे किसानों को समग्र एवं दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित हो सके।

अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वह अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं को धन-धान्य योजना के साथ समायोजित करें, ताकि किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि योजनाओं से संबंधित समस्त डाटा प्रत्येक माह की पहली तारीख तक निर्धारित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। , इसलिए समयबद्ध डाटा अपलोड सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि नीति आयोग के पोर्टल को समय पर अद्यतन किया जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी साझा करने के निर्देश दिए, ताकि सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित हो और कार्यों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि वर्ष 2030-31 तक खेतों में 50 प्रतिशत सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव हो सकेगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए योजना के सफल क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने विभागों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में ठोस एवं परिणामोन्मुखी कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.