सरकाघाट
गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हर वर्ष की भांति इस बार भी 26 जनवरी को हर्षोल्लास के साथ पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) सरकाघाट में किया जाएगा। एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने इस समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज आयोजित बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में स्थित माँ भारती व माँ सरस्वती की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के पश्चात वे मार्च पास्ट का निरीक्षण कर परेड की सलामी लेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद स्कूली विद्यार्थियों एवं विभिन्न दलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

राजेन्द्र कुमार गौतम ने सभी संबंधित विभागों को समारोह की तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को ध्वजारोहण सहित मार्च पास्ट की तैयारियां सुचारू करने को कहा। मार्च पास्ट में पुलिस, गृह रक्षक व एन.सी.सी. के विद्यार्थी भाग लेंगे।
इसके अतिरिक्त संबंधित विभागों को समारोह स्थल व मुख्य आयोजन स्थलों पर साज-सज्जा, निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित बैठने इत्यादि की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए तहसीलदार सरकाघाट मुनीश कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

एसडीएम ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह हमारे गौरवशाली अतीत को आगामी पीढ़ियों तक ले जाने का एक सुअवसर होता है। इस दिवस पर हम देश की आजादी से लेकर संविधान निर्माण की प्रक्रिया में अपना उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को याद करते हैं। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से आग्रह किया कि इस दिन को मात्र अवकाश के रूप में न लें अपितु वे अपने-अपने कार्यालयों में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की इस समारोह में सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में तहसीलदार मुनीश कुमार, नायब तहसीलदार सतीश कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग हितेश शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी जगदीश शर्मा, प्रधानाचार्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) अनीता आज़ाद, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) अविनाश ठाकुर, विषयवाद विशेषज्ञ कृषि रोहित कुमार, उप निरिक्षक सुकेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.