सरकाघाट
79वें राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह-2025 का आयोजन इस बार सरकाघाट में भव्य रूप से किया जाएगा। समारोह को गरिमामयी और सुसंगठित बनाने के लिए सोमवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त मंडी गुरसिमर सिंह ने की। इस दौरान डॉ मनू वर्मा (भा० प्र० से०) भी उपस्थित रहीं।
बैठक में एसडीएम स्वाति डोगरा व विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और उन्होंने समारोह को सफल बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। एसडीएम स्वाति डोगरा ने अतिरिक्त उपायुक्त को विभिन्न तैयारियों से अवगत करवाया। इस मौके अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और आपसी समन्वय के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने मुख्यतिथि, वशिष्ठ अतिथि व आगंतुकों की बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, मार्ग संचालन, विद्युत आपूर्ति, स्वागत-सत्कार, स्वच्छता और पेयजल आपूर्ति जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समारोह से जुड़ी कोई भी व्यवस्था अधूरी न रहे और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा, “स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह राष्ट्र की अस्मिता, गौरव और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। ऐसे अवसर पर हर व्यवस्था में गरिमा, सटीकता और अनुशासन होना चाहिए।”
अतिरिक्त उपायुक्त ने यह भी कहा कि सभी विभाग माइक्रो प्लानिंग के तहत कार्य करें और आपसी तालमेल के साथ सभी तैयारियों को अंतिम रूप दें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह की हर व्यवस्था जन सहभागिता और सुचारु क्रियान्वयन के साथ सुनिश्चित की जाए।

सरकाघाट के नागरिकों में इस अवसर पर उत्साह का माहौल है और स्थानीय प्रशासन भी इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में जुटा हुआ है।
बैठक में तहसीलदार सरकाघाट, तहसीलदार बल्द्वाड़ा, नायब तहसीलदार सरकाघाट, अधिशाषी अभियंता जलशक्ति, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, विषयवाद विशेषज्ञ बागवानी व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.