इंदौरा
वन विश्रामगृह इंदौरा में आज विधायक मलेंद्र राजन की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पौंग बांध से पानी छोड़ने से बाढ़, जलभराव और आपात स्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि सभी लंबित कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, नालों और जलनिकासी मार्गों की सफाई समय पर हो, सड़कों की मरम्मत में तेजी लाई जाए, और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जाएं। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

गौरतलब है कि कल विधायक मलेंद्र राजन ने स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था और अधिकारियों से सतर्क व तैयार रहने को कहा था। उपायुक्त कांगड़ा ने भी आज इंदौरा क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और संबंधित विभागों से राहत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली।

विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि जनता को हर परिस्थिति में सरकार और प्रशासन का पूरा सहयोग मिलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और जरूरत पड़ने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.