खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध, डाइट मनी में की वृद्धि : राजेश धर्माणी


हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की 48वीं इंटर कॉलेज एथलेटिक मीट के शुभारंभ अवसर पर बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री धर्माणी
बिलासपुर 08 दिसम्बर: नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायीक एंव औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खिलाड़ियों की डाइट मनी में बढ़ोतरी की है, जो पिछले काफी लम्बे समय से नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर के खिलाड़ियों की डाइट मनी को बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की डाइट मनी को बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया है।


राजेश धर्माणी आज राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर द्वारा लुहणू मैदान में आयोजित हिमाचल प्रदेश की 48वीं इंटर कॉलेज एथलेटिक मीट के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस तीन दिवसीय इंटर कॉलेज एथलेटिक मीट में हिमाचल प्रदेश के 36 महाविद्यालयों से लगभग 500 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।


उन्होंने कहा कि हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर ने क्रिकेट के विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। प्रदेश सरकार ने उनके योगदान को सम्मान देते हुए एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि प्रदान की है और जल्द ही सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश के कबड्डी खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, जिनके लिए भी सरकार बेहतर पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि देने जा रही है।


उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का हैंडबॉल टूर्नामेंट बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित किया जाएगा। यहां की बेटियों ने हैंडबॉल में बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया है और राष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को न केवल प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि प्रदेश में खेलों का विकास भी तेज गति से होगा।


राजेश धर्माणी ने कहा कि बिलासपुर में खेल अवसंरचना को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बिलासपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स प्रदेश के उन चुनिंदा स्थानों में से एक है जहां जल, थल और नव तीनों श्रेणियों के खेल आयोजित किए जा सकते हैं, जिससे यह क्षेत्र भविष्य में एक बड़ा खेल और पर्यटन केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जहां स्थानीय आर्थिकी को बल मिलता है तो वहीं बिलासपुर को पर्यटन केन्द्र के तौर पर विकसित करने को भी प्रोत्साहन मिलेगा।


उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के तहत 11 दिसंबर को जिला मण्डी में एक जन संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य हिमाचल को आत्मनिर्भर और विकसित राज्य बनाना है।

अंत में मंत्री राजेश उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों से लड़ने की शक्ति प्रदान करते हैं। खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर न केवल अपना बल्कि प्रदेश का नाम भी रोशन करते हैं। उन्होंने खिलाडियों से पूरे जोश और समर्पण के साथ आगे बढने का आहवान किया।


इससे पहले बिलासपुर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. पी.एस. कटवाल ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा इस आयोजन बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading