बनोली खास पंचायत के खेतों में लहलहाई गुलाबो धान की उन्नत फसल**कृषि मंत्री ने गुलाबो धान की पैदावार देख प्रभावित होकर सराहना की*

ज्वाली,

कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने आज ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बनोली खास का दौरा किया और किसानों द्वारा उगाई गई गुलाबो (TM RH-106) धान की फसल का निरीक्षण किया।कृषक सतपाल सिंह, केसर सिंह और महेंद्र सिंह ने अपनी 10 कनाल भूमि पर इस धान की खेती की है। किसानों ने खेतों में उन्नत तरीके से फसल का प्रबंधन किया है, जिसका परिणाम खेतों में लहलहाती और स्वस्थ खड़ी फसल के रूप में सामने आया है।

खेतों का जायजा लेते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि इस किस्म की पैदावार उत्कृष्ट है और यह प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन सकती है।गुलाबो धान एक प्रमुख हाइब्रिड किस्म है, जिसके दाने लंबे, पतले और सुगंधित होते हैं। यह खरीफ मौसम में मात्र 116 से 122 दिनों में पककर तैयार हो जाती है, जिससे किसान अगली फसल की समय पर बुआई कर सकते हैं।

साथ ही, इसमें प्रमुख रोगों के प्रति अच्छी प्रतिरोधक क्षमता है, जिससे किसानों का कीटनाशक का खर्च घटता है।   कृषि मंत्री ने कहा कि गुलाबो धान जैसी उन्नत किस्मों से किसान अपनी लागत घटाकर अधिक पैदावार और बेहतर लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों को सशक्त बनाने के लिए बीज, खाद, आधुनिक उपकरणों पर सब्सिडी और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।

इसी कड़ी में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि लोगों का स्वास्थ्य बेहतर रहे और किसानों की आर्थिकी भी सुदृढ़ हो। इसके लिए गेहूं, मक्की और कच्ची हल्दी पर क्रमशः 60, 40 और 90 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है।कृषि मंत्री ने किसानों द्वारा किए गए फसल प्रबंधन और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि गुलाबो धान जैसी उन्नत किस्में प्रदेश के किसानों के लिए आय बढ़ाने का मजबूत साधन साबित होंगी।इस अवसर पर कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading