डमटाल स्थित ठाकुर राम गोपाल मंदिर में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता इंदौरा विधायक मलेंद्र राजन ने की। बैठक में ट्रस्ट के सरकारी-गैरसरकारी सदस्यों के साथ एसडीएम इंदौरा डॉ सुरिंद्र ठाकुर सहित लोक निर्माण, वन, विकास खंड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में मंदिर के जीर्णोद्धार, चारदीवारी निर्माण, गौ-सैंक्चुअरी व मरम्मत कार्यों हेतु विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, राजस्व अभिलेखों की जांच, सीमांकन और स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू करने की सहमति बनी।

मंदिर ट्रस्ट की संपत्तियों की समुचित विधिक व प्रशासनिक देखरेख के लिए पूर्णकालिक कर्मचारी, राजस्व विशेषज्ञ व विधिक सलाहकार की नियुक्ति पर भी चर्चा हुई, ताकि कोर्ट में लंबित मामलों में मंदिर का हित सुरक्षित रह सके।
बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ कि मंदिर ट्रस्ट की समस्त भूमि और संपत्तियों को मंदिर भूमि पट्टा दिशा-निर्देश, 2004 के तहत लाया जाएगा। वर्तमान में विभिन्न शर्तों पर काबिज उपयोगकर्ताओं के बीच की असमानता को समाप्त कर एकरूप व्यवस्था लागू की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट बनाने तथा आरती का सीधा प्रसारण शुरू करने का निर्णय भी लिया गया, जिससे श्रद्धालु देश-विदेश से मंदिर से जुड़े रह सकें।
बैठक में सभी सदस्यों ने मंदिर के संरक्षण और विकास में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.