जंजैहली वाया रायगढ़ करसोग मार्ग बहाल, राहत कार्यों में आई तेजीबगस्याड़-थुनाग-लंबाथाच मार्ग भी खुला, हेलीकॉप्टर से भी राहत सामग्री भेजी गई25 लाख रुपये की फौरी सहायता वितरित


अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने आज यहां बताया कि सराज विधानसभा क्षेत्र में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी आई है। लोक निर्माण विभाग की सतत मेहनत से रविवार सुबह तक जंजैहली वाया रायगढ़ करसोग मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है। इसके साथ ही बगस्याड़ से थुनाग और लंबाथाच मार्ग भी खोल दिया गया है। इन प्रमुख सड़कों के पुनः चालू होने से प्रभावित क्षेत्रों तक राहत सामग्री की आपूर्ति में अब सुगमता आ गई है और राहत कार्यों को मजबूती मिली है। उपायुक्त  आज अपूर्व देगवन भी खुद जंजैहली पहंुचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।


उन्होंने बताया कि जंजैहली मार्ग खुलने के बाद एक निजी होटल में फंसे 63 पर्यटकों और चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी को करसोग की ओर सुरक्षित रूप से भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि आपदा से बुरी तरह प्रभावित जंजैहली क्षेत्र में मंडी जिला मुख्यालय से हवाई मार्ग के माध्यम से भी राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। रविवार को हेलीकॉप्टर से मंडी से बागाचुनौगी और जंजैहली के लिए कुल छह उड़ानें संचालित की गईं। इन उड़ानों के माध्यम से 512 राशन किट, 435 कंबल, चार बैग कपड़े, 166 गद्दे और दो बॉक्स दवाइयां भेजी गईं। यह क्षेत्र मोबाईल नेटवर्क से भी जुड़ गया है।


उन्होंने बताया कि रविवार सुबह जंजैहली क्षेत्र के लिए राहत सामग्री से लदी दो गाड़ियां रवाना की गई थीं। पहली गाड़ी में 120 तिरपाल, छह बॉक्स कपड़े, 62 स्वच्छता किट और 10 कंबल भेजे गए। दूसरी गाड़ी में जंजैहली के लिए राशन सामग्री की 100 किट रवाना की गईं। इसके अतिरिक्त पखरैर गांव के लिए भारतीय सेना के सहयोग से रैन गलू के रास्ते 15 राशन किट पहुंचाई गईं।
उन्होंने बताया कि रविवार तक विभिन्न सामाजिक सगंठनों द्वारा भेजी गई राशन सामग्री सहित कुल 2500 राशन किट प्रभावितों को वितरित की जा चुकी हैं। सड़कों के बहाल हो जाने से जंजैहली और थुनाग में भी प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान की गई है। प्रशासन द्वारा अब तक 25 लाख रुपये की फौरी सहायता भी प्रभावितों को बांटी जा चुकी है।


उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति की बहाली का कार्य भी सराज क्षेत्र में तेज गति से चला हुआ है। बाखली-कुकलाह, शिल्ली बागी और बागा चुनौगी में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि तांदी में यह कार्य शनिवार को ही पूर्ण कर लिया गया था। बगस्याड़ क्षेत्र में भी रविवार देर सांय तक विद्युत आपूर्ति बहाल होने की संभावना है। हालांकि जंजैहली और थूनाग में विद्युत लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते यहां आपूर्ति बहाल होने में तीन से चार दिन का समय और लग सकता है।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading