शिमला
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत शनिवार को अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सोनिया गांधी चार दिन पहले निजी प्रवास पर शिमला पहुंची थीं और छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी वाड्रा के बंगले में ठहरी हुई थीं। शनिवार को अचानक तबीयत खराब होने के बाद उन्हें आनन-फानन में IGMC लाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सोनिया गांधी की प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है और उनकी MRI, ब्लड टेस्ट व अन्य जरूरी मेडिकल जांचे की जा रही हैं। IGMC के वरिष्ठ चिकित्सक लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल किसी भी बड़ी स्वास्थ्य जटिलता की पुष्टि नहीं की है, लेकिन एहतियातन उन्हें अस्पताल में ही रखा गया है।