सुंदरनगर,
हिमाचल प्रदेश सरकार के बागवानी विभाग द्वारा संचालित एचपी-शिवा परियोजना के अंतर्गत नए किसान क्लस्टरों के चयन हेतु आमंत्रित रुचि अभिव्यक्ति (ईओआई) की अंतिम तिथि में संशोधन किया गया है।
उद्यान विकास अधिकारी सुंदरनगर डॉ. अनुपमा मैहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि ईओआई जमा करने की अंतिम तिथि को 31 जनवरी 2026 से बढ़ाकर अब 20 फरवरी 2026 कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस ईओआई के माध्यम से प्रदेश के सोलन, सिरमौर, ऊना, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी तथा हमीरपुर जिलों में विभिन्न फल फसलों के लिए नए किसान क्लस्टरों का चयन किया जाएगा।

परियोजना के अंतर्गत संतरा, अमरूद, अनार, लीची, प्लम, पर्सीमन, पेकान नट एवं आम के लिए न्यूनतम 3 हेक्टेयर सतत क्षेत्र, एवोकाडो के लिए न्यूनतम 2 हेक्टेयर सतत क्षेत्र, जबकि ड्रैगन फ्रूट, ब्लूबेरी, किवि एवं मैकाडेमिया नट के लिए न्यूनतम 0.5 हेक्टेयर सतत क्षेत्र निर्धारित किया गया है।
डॉ. मैहरा ने बताया कि एचपी-शिवा परियोजना में पहले से शामिल फसलों के लिए अनुदान(सब्सिडी) का पैटर्न पूर्ववत ही रहेगा, जबकि ड्रैगन फ्रूट, एवोकाडो, ब्लूबेरी, किवि, मैकाडेमिया नट जैसी नई फसलों के लिए अनुदान पैटर्न का निर्णय बाद में किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक क्लस्टर के लिए किसानों द्वारा स्वयं पर्याप्त सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा तथा एक क्लस्टर में कम से कम तीन या उससे अधिक किसानों का शामिल होना आवश्यक है।
उद्यान विकास अधिकारी ने सुंदरनगर क्षेत्र के पात्र किसानों, किसान समूहों एवं अन्य हितधारकों से अपील की है कि वे संशोधित तिथि के अनुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी ईओआई उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय, सुंदरनगर में प्रस्तुत करें।
अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 94597-86929 या 70189-32740 पर संपर्क किया जा सकता है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.