श्री सुक्खू ने आपदा प्रभावित कुल्लू और मनाली के क्षेत्रों का किया निरीक्षण, लोगों से कहा, अपने संसाधनों से करेंगे मदद
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज कुल्लू जिले में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन किया और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर राज्य सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री आज सुबह शिमला जिले के जुब्बड़हट्टी से वायुसेना के हेलीकॉप्टर में राशन एवं अन्य आवश्यक सामग्री के साथ कुल्लू जिले के लिए रवाना हुए।मुख्यमंत्री ने मनाली के वशिष्ठ चौक, बाहंग और ओल्ड मनाली में क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और स्थानीय निवासियों की निजी सम्पतियों को हुई क्षति का पूर्ण जायजा लिया और प्रभावित परिवारों के साथ बात की।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू के अखाड़ा बाजार में भारी बारिश से हुए नुकसान का भी जायजा लिया। मनाली के वशिष्ठ चौक पर मुख्यमंत्री ने बीआरओ अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अखाड़ा बाजार में भूस्खलन के कारण हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया और मृतकों के परिवारों के साथ संवदेना व्यक्त की।

उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त भुंतर पुल तथा भूतनाथ पुल का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस वर्ष मॉनसून के दौरान प्रदेशभर में भारी तबाही हुई है, जिससे जान-माल को काफी नुकसान पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा से और अधिक क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है। पूरे प्रदेश में जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.