मिलाप कौशल खुंडियां
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत तहसील खुंडियां गांव टिप की सोमा देवी को 2017 में अपने पिता सिपाही सूरत सिंह गांव मौर की डिपेंडेंट पेंशन लगी थी। अक्टूबर 2024 में अपने आप पेंशन बंद हो गई। जनवरी 2025 में सोमा देवी पूर्व सैनिक लीग खुंडियां में अपनी गुहार लगाई। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां ने इस पर काम शुरू किया था।
लीग के चेयरमैन रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने बताया कि रिकॉर्ड में लेटर लिखा गया था कि लाइफ सर्टिफिकेट भी दोबारा भरवाया लेकिन पेंशन बहाल नहीं हुई। लीग के चेयरमैन रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने डिफेंस पेंशन के प्रिंसिपल कंट्रोलर प्रयागराज से संपर्क किया साथ में प्रयागराज से सब एरिया हेडक्वार्टर में भी केस भेजा तब पता चला कि सोमा देवी का ऑनलाइन लाइफ सर्टिफिकेट भरते समय पेंशन की जगह सैलरी भर दी गई थी जिस कारण इनकी पेंशन का बैंक अकाउंट फ्रीज हो गया है ।
कर्नल राणा ने बताया कि सेना से डिपेंडेंट पेंशन उन्हीं को मिलती है जिनके परिवार की मासिक आमदनी नौ हजार रुपए से कम हो। लाइफ सर्टिफिकेट में सैलरी नौ हजार भरते ही डिपेंडेंट पेंशन अपने आप बंद हो जाती है।
कर्नल राणा ने आर्म्ड
कोर रिकॉर्ड से भी लगातार संपर्क किया और आर्मी हेडक्वार्टर दिल्ली में भी डायरेक्टरेट ऑफ इंडियन आर्मी वेटरन्स के अधिकारियों के पास केस भेजा और बात की। दोबारा पेंशन के पेपर तैयार करके अप्रैल 2025 में भिजवाए। दिसंबर 2025 में योल में हुई डिफेंस पेंशन अदालत में भी सोमा देवी को लेकर गए और प्रयागराज में डिफेंस पेंशन के मुख्यालय में लगातार बात करते रहे।
काफी कोशिश उपरांत अब होली के समय डेढ़ साल बाद सोमा देवी की पेंशन बहाल हुई है। सोमा देवी ने इस उपकार के लिए पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के चेयरमैन रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा और लीग की टीम का निस्वार्थ सेवा के लिए आभार जताया है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.