आपदा प्रभावित परिवारों के समर्थन में कुशाल भारद्वाज का दौरा,प्रशासन से तत्काल राहत कार्य तेज करने की मांग।





किरण राही/पधर/मंडी।




जिला परिषद सदस्य व किसान नेता श्री कुशाल भारद्वाज ने आज आपदा प्रभावित क्षेत्रों नेरघरवासड़ा और कुण्डुनी गांव का दौरा कर वहां के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों के समक्ष प्रशासन से मांग की कि पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचे तथा होमगार्ड, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें प्रभावितों की सहायता में लगाई जाएं।

कुशाल भारद्वाज ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि जिन प्रभावित परिवारों का सामान अभी सुरक्षित है, उसे निकालने की अनुमति व सहायता दी जाए। साथ ही उन्होंने बस्सी की ओर बंद सड़क को शीघ्र खोलने तथा गांव के ऊपर फंसी एक गाभन गाय को सुरक्षित निकालने के लिए स्पेशल प्रशिक्षित टीम भेजने की भी मांग की।



उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए प्रति माह ₹5000 किराया सहायता दिए जाने की मांग उठाई, विशेषकर उन लोगों के लिए जो राहत शिविर के बाहर किसी रिश्तेदार के यहां शरण लिए हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सभी लोगों के नाम रोजनामचे में दर्ज किए जाएं, ताकि उन्हें भी सरकारी सहायता मिल सके।

इस मौके पर नेरघरवासड़ा पंचायत के कई ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उनके साथ मौजूद रहे। भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासनिक अधिकारी शीघ्र मौके पर नहीं पहुंचे तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।

कुशाल भारद्वाज व जनता की मांग के बाद एसडीएम, तहसीलदार व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी प्रभावित स्थल पर पहुंचे। पुलिस थाना प्रभारी व पुलिस बल पहले से मौके पर तैनात थे। प्रशासन द्वारा पशुओं को रखने के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित किया गया तथा तिरपाल आदि की व्यवस्था भी की गई।

इस दौरान समाजसेवी एवं महिला नेत्री मेघना ठाकुर ने भी प्रभावितों की समस्याएं उठाईं और प्रशासन से सहयोग व उचित कदम उठाने की मांग की। 

इसके उपरांत कुशाल भारद्वाज ने सोनी एनक्लेव स्थित राहत शिविर का दौरा किया, जहां पंचायत उप प्रधान राकेश जमवाल व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर उन्होंने राहत शिविर हेतु अपना होटल उपलब्ध करवाने के लिए अश्वनी सोनी का आभार व्यक्त किया।

साथ ही उन्होंने नागचला लंगर कमेटी के अध्यक्ष विनोद अवस्थी, रमेश पठानिया, विजय शर्मा व समस्त टीम को निःशुल्क लंगर सेवा, राशन उपलब्ध करवाने व सेवा भाव के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading