सुजानपुर
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार शाम को यहां कला केंद्र में दीप प्रज्जवलित करके राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की चौथी एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर सभी लोगों को होली की बधाई देते हुए उन्होंने सभी के मंगलमय एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि मेले एवं उत्सव हमारी समृद्ध संस्कृति की पहचान हैं और हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विश्व भर में प्रसिद्ध है। आने वाले समय में सुजानपुर के होली उत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने से हमारी समृद्ध संस्कृति का और विस्तार होगा।

उन्होंने कहा कि जिला हमीरपुर के लिए यह बड़ा गौरव है कि मुख्यमंत्री इसी जिले से संबंध रखते हैं और उनके नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने चहुमुखी विकास के साथ-साथ सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने समाज के निराश्रित वर्ग के लिए ऐसी योजनाएं आरंभ की हैं जो आज तक कहीं भी शुरू नहीं हुई थीं।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने इस क्षेत्र की समस्याओं को बहुत ही प्रभावशाली ढंग से उठा कर यहां के विकास के लिए कई बड़ी योजनाएं मंजूर करवाई हैं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने आवाज-ए-हमीरपुर के विजेता गायकों को पुरस्कृत भी किया। इस प्रतियोगिता के विजेता अरुण भारद्वाज को 50 हजार रुपए एवं ट्राफी दी गई। उपविजेता अजय कुमार को 31 हजार रुपए एवं ट्राफी और तीसरे स्थान पर रही शैलजा को 21 हजार रुपए एवं ट्राफी दी गई।

इससे पहले, स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने आयोजन समिति की ओर से विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत किया।
अंतिम सांस्कृतिक संध्या में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य राजीव राणा, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.