जयसिंहपुर,
आयुष, युवा सेवाएं और खेल, कानून एवं विधि परामर्शी मंत्री, यादविंद्र गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के जनहित, सामुहिक व सामाजिक कार्यों को प्रतिबद्धता से करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आयुष मंत्री, 40वें जन्मदिन पर जयसिंहपुर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए बोल रहे।

गोमा ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाने तथा इस अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजन करने और सम्मान देने के लिये लोगों तक आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर के लोगों का आशीर्वाद तथा स्नेह उन पर हमेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि लोगों के आशाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप जयसिंहपुर क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया गया है। उन्होंने कहा की जयसिंहपुर अस्पताल में आज 15 लाख रुपए की लागत से नई आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित कर दी गई है और जल्द ही यहां पर डायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध होगी, साथ ही यहां पर ब्लड स्टोरेज यूनिट भी स्थापित की जाएगी।
उन्होनें आश्वासत करते हुए कहा कि आने वाले समय में यहां पर सीटी स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि काथला (हारसी) में 4.39 करोड़ की लागत से बस अड्डा और बस डिपो का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से जयसिंहपुर में करोड़ों रुपए के विकासात्मक कार्य किए गए हैं।

आज जयसिंहपुर में लोगों के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा आयुष विभाग, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज पपरोला द्वारा निशुल्क मल्टी स्पेशलिटी शिविर, विकलांगता प्रमाण पत्र शिविर का आयोजन किया गया। यहां लगाये गये रक्तदान शिविर में भी लोगों ने बढ़ चढ़कर रक्तदान किया।
साथ ही एक्ट ह्यूमन संस्था द्वारा विकलांग लोगों के लिए कृत्रिम अंगों का शिविर भी लगाया गया । जिसका पात्र लोगों ने भरपूर फायदा उठाया। इस दौरान आयुष और स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क दवाइयां वितरण के साथ-साथ नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इसकी अतिरिक्त विकलांग लोगों को कान में लगाने वाली मशीन व व्हीलचेयर भी प्रदान की गई है।

यादविंद्र गोमा के जन्मदिन पर बधाई देने के लिये हजारों की संख्या में लोगों का दिनभर तांता लगा रहा। इस अवसर पर वॉलीबॉल, कब्बडी, महिलाओं के लिये रस्साकशी, रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं में जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
गोमा ने इस अवसर पर जयसिंहपुर के सितारे कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के विभिन्न पदों पर कार्यरत विभागीय अधिकारियों, सेवानिवृत अधिकारी, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रदर्शन करने वाले और मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया।
इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर में 390 लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई और रक्तदान शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने आयुष मंत्री ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में चंदन का पौधा भी रोपित किया।

*यह रहे उपस्थित*
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम अजय वर्मा, मंत्री के धर्मपत्नी नीलम गोमा, भाई त्रिभुम गोमा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, एडीएम संजीव ठाकुर, उपनिदेशक आयुष डॉ पूनम जरेट, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विकास सूद, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण बीएम ठाकुर अधिशाषी अभियंता विजय वर्मा, संजय ठाकुर, तहसीलदार अभिषेक ठाकुर, ओएसडी आयुष सुमित पठानिया, ज़िला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. बृजनंदन, एसडीएमओ डॉ. अनिता शर्मा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.