कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ उठाएं श्रमिक : केवल सिंह पठानिया*                                                       मैटी पंचायत के वंडी चौक में श्रमिक पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन*


शाहपुर,


शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैटी पंचायत के वंडी चौक में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।


कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्यातिथि तथा कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अपने संबोधन में केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ श्रमिक पंजीकरण करवाकर प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष में न्यूनतम 90 दिन कार्य करने वाला कोई भी श्रमिक पंजीकरण के लिए पात्र है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की करुणामयी सोच के चलते श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए योजनाओं में समय-समय पर सुधार किया जा रहा है।

उन्होंने बोर्ड को सुझाव दिया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समन्वयक नियुक्त किया जाए, ताकि योजनाओं का ग्रामीण स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित हो सके।उपमुख्य सचेतक ने कहा कि भविष्य में धारकंडी एवं चंगर क्षेत्र में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक श्रमिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने अध्यक्ष नरदेव कंवर की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बोर्ड ने नई पहचान बनाई है।कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में इस प्रकार के शिविर लगाए जा रहे हैं, जबकि जिला कांगड़ा में यह आठवां शिविर है।

उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में अब तक बोर्ड द्वारा लगभग 81 करोड़ रुपये की सहायता विभिन्न श्रमिकों को प्रदान की जा चुकी है।उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि श्रमिकों के बच्चों की उच्च शिक्षा की संपूर्ण फीस बोर्ड द्वारा वहन की जाएगी।

साथ ही हिमकेयर कार्ड बनवाने एवं पेंशन राशि बढ़ाने की दिशा में भी निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया एवं योजनाओं का लाभ लेने की विस्तृत जानकारी भी दी।जिला श्रम कल्याण अधिकारी लोकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जिले में संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की।


इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।कार्यक्रम में नटराज नाट्य दल द्वारा गीत-संगीत एवं लघु नाटिका के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी प्रचार किया गया। शिविर में 51 श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें कार्ड वितरित किए गए। साथ ही कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के कैलेंडर एवं प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।


इस अवसर पर अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, बीडीओ रैत कमलजीत, लेबर ऑफिसर अमित चौधरी, अधिशासी अभियंता विद्युत अमित शर्मा, इंटक जिलाध्यक्ष संजय सैनी, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय,सादिक खान, पूर्व प्रधान साजद बेगम, सुभाष नांगला रविन्द्र, पूर्व प्रधान हंसराज, निदेशक राजेश राजा, वीना शर्मा, रीना पठानिया, सरिता सैनी, अनिता, मधु सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading