धर्मपुर,
हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के सज्याओ पिपलू में निर्माण श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धर्मपुर के विधायक चन्द्रशेखर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने की।

विधायक चन्द्रशेखर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर, श्रमिक और वंचित वर्गों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत निराश्रित और अनाथ बच्चों को सरकार का संरक्षण प्रदान किया जा रहा है तथा उनकी शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यकताओं का पूरा खर्च वहन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अनेक योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं, जिनका लाभ पात्र वर्ग को अवश्य उठाना चाहिए।इस दौरान विधायक चन्द्रशेखर ने उपस्थित जनसमूह को चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ नशा निवारण की शपथ भी दिलाई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत युवाओं सहित आम जनता को नशा मुक्त समाज के लिए जागरूक किया जा रहा है और इसमें जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने मनरेगा से जुड़े विषय पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण और गरीब वर्ग के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण साधन रही है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ गरीब और गांव विरोधी सोच को दर्शाती है, जिसके खिलाफ पंचायत स्तर तक जन-जागरूकता और लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड द्वारा श्रमिकों और आम नागरिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कुल 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मंशा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जिसके लिए बोर्ड निरंतर जमीनी स्तर पर कार्य कर रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि मनरेगा या भवन निर्माण क्षेत्र में 90 दिन का कार्य पूरा करने वाले श्रमिक बोर्ड में पंजीकरण के पात्र होते हैं। पंजीकरण के उपरांत उन्हें विवाह सहायता, बेटियों के नाम एफडी, शिक्षा व उच्च शिक्षा सहायता, हॉस्टल शुल्क, बीमारी सहायता, दुर्घटना एवं मृत्यु सहायता, वृद्धावस्था पेंशन तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता प्रदान की जाती है।

इसके अलावा विधवा, एकल और दिव्यांग महिलाओं को आवास निर्माण के लिए सरकार द्वारा तीन लाख रुपये तक की सहायता देने का भी प्रावधान है।इस अवसर पर पूर्व विधायक बिलासपुर सदर तिलक राज शर्मा, संजय डोगरा, प्रकाश चन्द, भूपेन्द्र सिंह, सुमन ठाकुर, राकेश कुमार, नरेन्द्र ठाकुर, दान सिंह, किरण लता, काली दास, कविता शेखर, राकेश कुमार, योगेश, पवन कुमार, जिला श्रम कल्याण अधिकारी अनिल ठाकुर सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कामगार उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.