छह पंचायतों की समस्याओं का मौके पर समाधान
सुंदरनगर, 30 मार्च 2026।
उपमंडल सुंदरनगर की ग्राम पंचायत निहरी के मेला मैदान में 10 अप्रैल को ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में निहरी पंचायत घर में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का उनके घर के नजदीक त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि निहरी सहित आसपास की पंचायतों -घड़ोई, मरहड़ा बदेहन, बजीहन, जरल और बंदली के लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपमंडल व जिला स्तर के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर व दिव्यांगजन सहायता शिविर आयोजित किया जाएगा, वहीं विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी हेतु प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

मुख्यातिथि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। एसडीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से पहले प्राप्त शिकायतों का समाधान कर उनकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रम के प्रति जागरूक करें ताकि लोग समय रहते अपनी समस्याएं संबंधित विभागों तक पहुंचा सकें और कार्यक्रम के दिन उपस्थित होकर एक ही छत के नीचे अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे 10 अप्रैल को आधार कार्ड व आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लें और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें।
बैठक में तहसीलदार निहरी इंदर पाल, बीडीओ निहरी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.