मंडी, 22 मार्च।
सेना भर्ती कार्यालय मंडी की वर्ष 2025-26 की अग्निवीर भर्ती रैली आज से तृतीय इंडिया रिज़र्व बटालियन पंडोह के ट्रेनिंग ग्राउंड में प्रारंभ हुई। इस रैली में कुल्लू, मंडी एवं लाहौल-स्पिति जिलों के सीईई उत्तीर्ण 2,959 कैंडिडेट्स हिस्सा लेंगे।
22 मार्च, 2026 को प्रातः 6 बजकर 30 मिनट पर 1.6 किमी दौड़ के फ्लैग ऑफ के साथ भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत हुई। दौड़ के दौरान सभी युवा अभ्यर्थियों में बहुत ही जोश और उत्साह देखने को मिला।

रैली के प्रथम दिन कुल्लू एवं लाहौल-स्पिति जिलों के 326 युवाओं ने हिस्सा लिया जिसमें कि 239 अभ्यर्थी दौड़ में उत्तीर्ण हुए। ये अभ्यर्थी अब आगे बाकी के शारीरिक मापदंड, दस्तावेज एवं चिकित्सकीय परीक्षण से गुजरेंगे। आने वाले दिनों में मंडी जिले के प्रत्याशी भी इस रैली में अपना सामर्थ्य दिखायेंगे।
कर्नल गौतम निशान्त, भर्ती निदेशक, एआरओ, मंडी ने इससे पहले 21 मार्च को रैली की सारी तैयारियों का जायजा लिया और भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों और जवानों को संबोधित करते हुए बताया कि भर्ती पूरी तरह से निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ संचालित की जाएगी।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.