पंचायती राज संस्थाओं की मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू

अंशुल शर्मा सरकाघाट।

पुनरीक्षण अधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारी गोपालपुर कार्तिकेय डोगरा ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं की मतदाता सूचियों का विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत विकास खण्ड गोपालपुर के लोगों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने नाम दर्ज कराने, संशोधन तथा आपत्तियां प्रस्तुत करने का आह्वान किया है।


उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह पुनरीक्षण कार्यक्रम व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। पंचायती राज चुनाव 31 मई, 2026 तक सम्पन्न किए जाने हैं। ऐसे में आयोग ने नए पात्र मतदाताओं को शामिल करने और अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण का निर्णय लिया है।


जारी अधिसूचना के तहत मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए 01 अप्रैल, 2026 को नई अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। इसके आधार पर जिन नागरिकों की आयु 01 अप्रैल 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी (अर्थात जिनका जन्म 01 अप्रैल, 2008 या उससे पहले हुआ है), वे मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए पात्र होंगे।


उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध मतदाता सूचियों तथा वार्ड स्तर पर साझा की गई सूचियों में अपना व अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज नहीं है, तो वह निर्धारित अवधि के भीतर दावा प्रस्तुत कर सकता है।


दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इन दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 02 अप्रैल, 2026 तक किया जाएगा। वहीं अपील प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल, 2026 और अपीलों का निस्तारण 17 अप्रैल, 2026 तक किया जाना निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 20 अप्रैल, 2026 को किया जाएगा।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading