सुंदरनगर, 8 अप्रैल 2026
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा बीएसएल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीबीएमबी कॉलोनी, सुंदरनगर में एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी एवं प्रभारी चमन लाल ने की।
इस अवसर पर वर्ष 2026 की थीम “सभी के लिए साथ मिलकर – विज्ञान के साथ खड़े रहें” (Together for Health: Stand with Science) पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वास्थ्य और पर्यावरण के बीच गहरे संबंध को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाते हुए बताया कि स्वच्छ पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदूषण का मानव स्वास्थ्य पर सीधा और गंभीर प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने व्याख्यान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। अंत में विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.