पांच दिवसीय राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिन्दर नगर संपन्न

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने देवी-देवताओं की जलेब की अगवानी कर किया विधिवत समापन

जोगिन्दर नगर, 5 अप्रैल।

प्रत्येक वर्ष एक से पांच अप्रैल तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिन्दर नगर का आज विधिवत समापन हो गया। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने पुराने मेला मैदान में चौहार घाटी के आराध्य देव श्री हुरंग नारायण व पहाड़ी बजीर देव श्री पशाकोट सहित उपस्थित समस्त देवी-देवताओं की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत उन्होंने भारी वर्षा में अराध्य देव श्री हुरंग नारायण व देव श्री पशाकोट की अगुवाई में निकली देवी-देवताओं की भव्य जलेब की अगवानी की । इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मेला मैदान जोगिन्दर नगर में मेला ध्वज के अवतरण के साथ मेले का विधिवत समापन किया।

समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि वह अपने आप को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें एक साथ इतने देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मेले के अवसर पर हुई वर्षा को भी देवताओं का आशीर्वाद मानना चाहिए, जो क्षेत्र की खुशहाली और विकास का संकेत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा के दौरान केन्द्र सरकार से अपेक्षित सहयोग प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार द्वारा रेवन्यू डेफिसिट ग्रांट को बंद कर दिया गया, जिससे प्रदेश को लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की राशि मिलनी थी, जो विकास कार्यों में सहायक सिद्ध होती। इसके बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को रुकने नहीं देगी और प्राथमिकता के आधार पर जनहित के कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को थोड़ा धैर्य रखने की आवश्यकता है, सरकार आर्थिक सुधार के माध्यम से जरूरी कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता दे रही है ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि जीवन ठाकुर द्वारा उठाई गई मांगों को मुख्यमंत्री तक अवश्य पहुंचाया जाएगा और जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जोगिन्दर नगर क्षेत्र के विकास के प्रति गंभीर हैं और यहां विकास कार्यों को गति दी जाएगी ताकि यह क्षेत्र भी अन्य क्षेत्रों की तरह विकास की दृष्टि से आगे बढ़ सके।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने जोगिन्दर नगर और लड़भड़ोल में कार्यरत चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाने तथा खेल छात्रावास खोलने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मेला के सफल आयोजन के लिए एसडीएम सहित मेला समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी और कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी समृद्ध देव संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने मुख्यातिथि तथा समस्त देवी-देवताओं का स्वागत करते हुए मेले के आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

इस दौरान आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे पहलवानों को 5100-5100 रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। हालांकि वर्षा के कारण कुश्ती प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल के बाद आगे के मुकाबले आयोजित नहीं हो सके।

मेले के समापन अवसर पर वारिश में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय लोग तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading