कुल्लू, 31 मार्च : पंजाब नैशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) कुल्लू के माध्यम से आनी व निरमंड ब्लॉक में दो दिवसीय बैंक सखी रिफ्रेशर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 38 बैंक सखी महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकों द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं को बैंक सखियों के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाना रहा। इस दौरान बैंक सखियों को उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि बैंक सखी स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी प्रशिक्षित महिलाएं होती हैं, जो बैंकों और ग्रामीण समुदाय के बीच मध्यस्थ के रूप में कार्य करते हुए खाता खोलने, ऋण सुविधा तथा डिजिटल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करती हैं।
गौरतलब है कि बैंक सखियां दूरस्थ क्षेत्रों में घर बैठे बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवा रही हैं, जिससे लोगों को बैंकों तक जाने की आवश्यकता कम हो रही है और बैंकिंग प्रणाली में विश्वास भी मजबूत हो रहा है। “एक ग्राम पंचायत, एक बीसी सखी” कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत की परिकल्पना के तहत प्रत्येक ग्राम समूह तक बैंकिंग सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पीएनबी आरसेटी के निदेशक चंद्र नारायण सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने बैंक सखियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जल्द ही बैंकों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्राम समूह तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम समन्वयक सौरन उपाध्याय ने बताया कि प्रशिक्षित बैंक सखियों की बैंकों में नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करेगी।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.