कुल्लू, 30 मार्च : पीएम पोषण शक्ति निर्माण (मिड डे मील) योजना की जिला संचालन एवं निगरानी समिति की समीक्षा बैठक उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सुनील ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी कुंदन लाल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सुनील कुमार ने किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 7 शिक्षा खंडों के अंतर्गत 1006 प्री-प्राइमरी, प्राइमरी तथा अपर प्राइमरी विद्यालयों में कुल 35,118 विद्यार्थियों को मिड-डे मील प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी 1006 विद्यालयों में किचन गार्डन भी स्थापित किए गए हैं।

उपायुक्त ने अधिकारियों को बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी एवं मूल्यांकन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी विद्यालयों में निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जिला कुल्लू को इस योजना के अंतर्गत 7 करोड़ 49 लाख 64 हजार 452 रुपये का बजट आवंटित किया गया है।
उन्होंने योजना के कार्यान्वयन की समीक्षा करने के साथ साथ भोजन की गुणवत्ता एवं पोषण स्तर की निगरानी, निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण तथा बजट उपयोग के लिये भी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किये। उन्होंने विद्यालयों के किचन की स्वच्छता, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा भोजन की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत सभी शिक्षण संस्थानों को कवर करते हुए बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच करने को कहा।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.