मिलाप कौशल खुंडियां
समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण एवं बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आज ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शगुन योजना के अंतर्गत 90 पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, ज्वालामुखी में आयोजित एक गरिमामय समारोह में विधायक ज्वालामुखी संजय रत्न ने लाभार्थियों को विवाह हेतु प्रति परिवार 31 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। इस अवसर पर कुल 27 लाख 90 हजार रुपये की राशि वितरित की गई।
विधायक ने लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा मुख्यमंत्री शगुन योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक सशक्त सहारा बनकर उभर रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे तथा सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी राजेंद्र कुमार ने योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी (नागरिक) ज्वालामुखी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ,सांख्यिकी सहायक
सुशील शर्मा ,निर्मला ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.