बेटियों की सुरक्षा की ओर एक महत्वपूर्ण कदम
मिलाप कौशल खुंडियां
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझीन में 14–15 वर्ष की किशोरियों के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस टीकाकरण अभियान आयोजित किया जा रहा है। यह टीकाकरण 4 और 5 तारीख के साथ-साथ हर अन्य रविवार को किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकें। अतिरिक्त कार्यभार मेडिकल अधिकारी दंत चिकित्सक आयुषि गौतम ने जानकारी देते हुए कहा कि
एच पी वी एक सामान्य वायरस है जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बन सकता है। यह कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है लेकिन अच्छी बात यह है कि समय पर टीकाकरण से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस उम्र की लड़कियों के लिए यह वैक्सीन विशेष रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।
अक्सर देखा गया है कि निजी अस्पतालों में एच पी वी वैक्सीन काफी महंगी होती है जिसके कारण कई परिवार इसे लगवाने में असमर्थ रहते हैं। लेकिन सरकार द्वारा यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा सकें।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए अभिभावकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। माता-पिता से अपील है कि वे इस अवसर को समझें और अपनी बेटियों को टीकाकरण के लिए जरूर लेकर आएं। यह सिर्फ एक टीका नहीं, बल्कि उनकी बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।
समाज के हर जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है कि वह इस अभियान के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करे। स्कूलों, पंचायतों और स्थानीय संगठनों के माध्यम से इस संदेश को फैलाया जाना चाहिए ताकि कोई भी बच्ची इस जरूरी सुरक्षा से वंचित न रह जाए।
हम सभी मिलकर इस पहल को सफल बनाएं और अपनी बेटियों को एक सुरक्षित और स्वस्थ जीवन का उपहार दें। डाक्टर आयुषि गौतम ने लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक जानकारी बेटियों तक पहुंचाएं ताकि हर बेटी को यह टीका लग सके।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.