आशीष बुटेल ने पालमपुर नगर निगम में 1.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के किए उद्घाटन व शिलान्यास

पालमपुर, 10 अप्रैल: विधायक आशीष बुटेल ने आज पालमपुर नगर निगम के वार्ड नंबर-6 और 9 में लगभग 1.48 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने वार्ड नंबर-9 चौकी में 15 लाख रुपये से निर्मित घुग्घर नाला मंदिर के स्नानागार तथा 31 लाख रुपये की लागत वाले नवनिर्मित ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक का जनता को अर्पण किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने खिलडू में 9 लाख रुपये की डोहरू सड़क, 10 लाख रुपये की नाग सड़क, 6.5 लाख रुपये से काली माता मंदिर सराय भवन के जीर्णोद्धार कार्य, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 10 लाख रुपये के पार्क और डीफरपट्ट में 16 लाख रुपये की लागत से बने पार्क का लोकार्पण किया। इसी कड़ी में उन्होंने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 21 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ओवरहेड टैंक की आधारशिला भी रखी। इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर 6 में 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित शिकायत कक्ष सह कनिष्ठ अभियंता विद्युत कार्यालय घुग्घर के भवन का भी लोकार्पण किया।

घुग्घर में आयोजित जनसभा के दौरान विधायक ने कहा कि नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक से क्षेत्र के लगभग 600 निवासियों को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उन्होंने स्थानीय बुनियादी ढांचे पर चर्चा करते हुए बताया कि घुग्घर से हार तक की सड़क की टारिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि क्षेत्र में शीघ्र ही एक नए पार्क का निर्माण भी किया जाएगा। काली माता मंदिर में जनसभा को संबोधित करते हुए आशीष बुटेल ने मंदिर के भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए पालमपुर में 5 करोड़ रुपये की लागत से एक नए इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा है। इसके साथ ही, क्षेत्र की तीन प्रमुख कूहलों के सुधार के लिए 9 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिसका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने स्थानीय दुर्गा महिला मंडल की मांग पर विभिन्न कार्यों हेतु 5 लाख रुपये की राशि देने की भी घोषणा की।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बिन्द्रावन में जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कॉलोनी में 13 सोलर लाइटें लगाने की घोषणा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलोनी के सीवरेज सिस्टम के जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि कॉलोनी की सड़कों की टारिंग के लिए 40 लाख रुपये का प्रस्ताव स्वीकृति हेतु भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी।

इस अवसर पर नगर निगम के महापौर गोपाल नाग, उप महापौर राजकुमार, वूल फेडरेशन के निदेशक मंडल सदस्य त्रिलोकचंद, संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार, विभिन्न वार्डों के पार्षद तथा विभिन्न विभागों एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading