कुपोषण मुक्त कांगड़ा की ओर एक और सशक्त कदम
सीएसआईआर-आईएचबीटी और जिला प्रशासन की पहल
पालमपुर, 9 अप्रैल
जिला कांगड़ा से बचपन के कुपोषण को जड़ से मिटाने के संकल्प के साथ आज सीएसआईआर-हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान में मिशन भरपूर 2.0 का विधिवत शुभारंभ किया गया । जिला प्रशासन कांगड़ा और सीएसआईआर-आईएचबीटी की ओर से आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में मिशन के दूसरे चरण को लॉन्च किया गया ।
कार्यक्रम में जिला कांगड़ा के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) विनय कुमार ने मिशन भरपूर के पहले चरण की सफलता को रेखांकित करते हुए कहा कि सूक्ष्म पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य उत्पादों ने बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने प्रशासन और संस्थान के वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि दूसरे चरण में इस अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा ।
इस अवसर पर फेज-1 के परिणामों को भी साझा किया गया, जिसमें बताया गया कि अभियान के तहत 920 बच्चों को पूरक आहार प्रदान किया गया । आंकड़ों के अनुसार, कुल 68% बच्चों के स्वास्थ्य स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखा गया । विशेष रूप से, 75% गंभीर रूप से कुपोषित और 62% मध्यम रूप से कुपोषित बच्चों के बीएमआई और वजन में वृद्धि दर्ज की गई है ।
सीएसआईआर-आईएचबीटी के निदेशक डॉ. सुदेश कुमार यादव ने संस्थान की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मिशन के तहत दिए जा रहे उत्पाद पूरी तरह से प्राकृतिक और रासायनिक परिरक्षकों (Chemical Preservatives) से मुक्त हैं। संस्थान के डीएनटी विभाग के प्रमुख डॉ. महेश गुप्ता ने बताया कि इन उत्पादों में आयरन फोर्टिफाइड स्पिरुलिना पीनट बार, फ्रूट बार और मल्टीग्रेन प्रोटीन मिक्स जैसे उत्पाद शामिल हैं, जो बच्चों की दैनिक पोषण संबंधी जरूरतों (RDA) को पूरा करते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. एस.पी. कत्याल, अध्यक्ष, राज्य खाद्य आयोग (हि.प्र.) ने विशेष अतिथि और बाल मुकंद शर्मा, अध्यक्ष, राज्य खाद्य आयोग (पंजाब) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया । उन्होंने सीएसआईआर-आईएचबीटी और जिला प्रशासन की इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने के लिए सराहना भी की। साथ ही भरपूर 2.0 के लिए भी उन्होंने शुभकामनाएं दीं।
कार्यशाला का परिचय जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक शर्मा द्वारा दिया गया । अंत में, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले पुरुषोत्तम सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम का संचालन डॉ. विद्या शंकर द्वारा किया गया
कार्यशाला में जानकारी प्रदान की गई कि मिशन भरपूर जिला कांगड़ा में बच्चों के समग्र विकास के लिए तैयार किया गया एक समग्र दृष्टिकोण है । कुपोषण का उन्मूलन, सूक्ष्म पोषक तत्वों की आपूर्ति, नियमित स्वास्थ्य निगरानी, व्यवहार परिवर्तन और जन जागरूकता इसके मुख्य उद्देश्य हैं।
कार्यक्रम में सीएसआईआर-आईएचबीटी, महिला एवं बाल विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.