कमलेश ठाकुर ने भटेड वासा में सामुदायिक संवाद कार्यक्रम में की शिरकत

*पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर*

*87 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार होगा अधीक्षण अभियंता आवासीय भवन*

देहरा , 8 अप्रैल

देहरा वन मंडल के तत्वावधान में आज ग्राम पंचायत भटेड वासा में सामुदायिक संवाद एवं स्वयं सहायता समूह समन्वय कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय विधायक कमलेश ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का गहन अवलोकन किया और स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि मुख्य अतिथि को “ब्लैक जामिया स्नो व्हाइट” का पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सर्वोपरि आवश्यकता बताया। उन्होंने जनसमूह से आह्वान किया कि जंगलों को बचाना और अधिक से अधिक पौधरोपण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से जायका प्रोजेक्ट के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें राजीव गांधी वन संवर्धन योजना, शिवा प्रोजेक्ट तथा केएफडब्ल्यू परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान वन मित्रों ने लघु नाटिका के माध्यम से वृक्षारोपण का संदेश दिया और क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।

इसी कड़ी में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक कमलेश ठाकुर ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, देहरा वृत्त के आवास का विधिवत शिलान्यास किया। लगभग 87 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले इस आधुनिक टाईप -5 डुप्लेक्स आवास के निर्माण को उन्होंने क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक अहम कदम बताया। विधायक ने मौके पर ड्राइंग बोर्ड का निरीक्षण कर परियोजना के प्रारूप और डिजाइन की समीक्षा की तथा विभाग को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने से विभागीय कार्यों के संचालन में सुगमता आएगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

दोपहर बाद विधायक ने रानीताल से लुनसू वाया कुठार सड़क के सुधारीकरण कार्य का भूमि पूजन किया और कहा कि इस सड़क निर्माण के लिए एनडीआरएफ के तहत 20 लाख रुपए की राशि व्यय की जाएगी, जिससे साथ लगते क्षेत्रों के सैकड़ो लोग लाभान्वित होंगे।

इस मौके पर अधीक्षण अभियंता एच एल शर्मा ,वन मंडल अधिकारी सनी वर्मा, तहसीलदार हरिपुर सुरेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बलवीर ठाकुर , जल शक्ति विभाग राजेश धीमान, विद्युत बोर्ड बालेश शर्मा, पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा,आरटीए सदस्य पवन चौधरी, विकलांग कल्याण बोर्ड के सदस्य अवनीत पठानियां, , यूथ ब्लॉक अध्यक्ष सुमित ठाकुर,एचपीएमसी आमंत्रित सदस्य पुष्पेंद्र शर्मा ,पूर्व जिला परिषद रूमा कौंडल सहित विभाग के अन्य अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading