रेडक्राॅस के सदस्यों की समर्पण व सेवा की भावना अन्य संगठनों के लिए भी प्रेरणास्रोत: मंडल आयुक्त

*पुलिस मैदान धर्मशाला में रेडक्राॅस मेला आयोजित*

धर्मशाला, 7 अप्रैल: मंडल आयुक्त संदीप कुमार ने आज पुलिस मैदान, धर्मशाला में आयोजित रेडक्राॅस मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने जिला रेडक्राॅस सोसाइटी कांगड़ा की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि रेडक्राॅस सोसाइटी समाज के कमजोर, जरूरतमंद एवं संकटग्रस्त वर्गों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर कार्य कर रही है।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के लिए रेडक्राॅस सोसाइटी तत्परता से सहायता प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में सोसाइटी के सदस्य अत्यंत समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य कर रहे हैं, जो अन्य संगठनों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सभी सक्रिय सदस्यों सहित जुड़े सभी स्वयंसेवकों के योगदान को सराहा और उनके प्रति व्यक्तिगत सम्मान व्यक्त किया।

मंडल आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल समाज सेवा की भावना को सृदृढ़ करते हैं, बल्कि आमजन को स्वास्थ्य, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता के लिए भी प्रेरित करते हैं। उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी रेडक्राॅस सोसाइटी इसी प्रकार समाजहित में कार्य करती रहेगी।

इस अवसर पर उन्होंने मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की। उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायक सिद्ध होते हैं।

मेले के दौरान विभिन्न विभागों, संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा अनेक जागरूकता एवं जानकारीपरक स्टाॅल लगाए गए। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए मेले में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त तंबोला खेल भी आयोजित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। मेले में स्थानीय व्यंजनों के स्टाॅल के साथ-साथ महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद और पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी की गई।

इस अवसर पर आयोजित आयुष्मान आरोग्य शिविर में आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन जांच तथा छाती के एक्स-रे जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में आमजन ने सुविधा का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी संतोष कटोच ने रेडक्राॅस सोसाइटी को 5 हजार रुपये की जबकि 29 अन्य रेडक्राॅस सदस्यों ने एक-एक हजार रुपये का योगदान देकर सेवा कार्यों में सहयोग दिया।

इस अवसर पर रेडक्राॅस सोसाइटी के पैट्रन मेंबर्स एवं लाइफ मेंबर्स को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, एडीसी विनय कुमार, रेडक्राॅस सोसाइटी के सचिव ओ.पी. शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी व क्षेत्र के गणमान्य उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading