*कमलेश ठाकुर ने 62 लाख रुपए की लागत की तीन विभिन्न सड़कों के सुधारीकरण कार्य के किए भूमि पूजन*
देहरा, 7 अप्रैल
देहरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर की झकलेहड़ पंचायत में आज पौंग बांध विस्थापित परिवारों द्वारा एक सम्मानित समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर का विस्थापितों ने गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मानित किया ।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विधायक द्वारा विस्थापितों के लंबे समय से लंबित मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 89 विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र (पट्टे) प्राप्त हुए हैं। इसे विस्थापितों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया गया।
अपने संबोधन में विधायक कमलेश ठाकुर ने इस सम्मान को विस्थापित परिवारों के संघर्ष और धैर्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि विस्थापितों के मुद्दों का समाधान उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी वे इनके स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष लंबित मामलों का भी शीघ्र निपटारा किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 40 पट्टों की फाइलें तैयार हो चुकी हैं और जल्द ही स्वीकृति के बाद उनका वितरण किया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि कुछ मामलों में तकनीकी कारणों से देरी हुई है, जिन्हें भी सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल किया जाएगा।
विधायक ने गुरु रविदास गुरुद्वारा से संबंधित भूमि समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया तथा गुरुद्वारे के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने गुरुद्वारे के लिए शौचालय निर्माण हेतु 50 हजार रुपये तथा झकलेहड़ पंचायत भवन के लिए 1 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि हरिपुर अस्पताल में शीघ्र ही एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी तथा हरिपुर कॉलेज को बंद न करने का मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया गया है। इसके अतिरिक्त हरिपुर से दोसड़का होते हुए भटोली फकोरियां मार्ग के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।इस मौके पर विधायक ने गुरु रविदास मंदिर में शीश नवाकर आशीर्वाद भी लिया ।
इससे पूर्व विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर लगभग 62 लाख रुपये की लागत से खैरियां व बौंगता पंचायत में वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों के तहत तीन संपर्क सड़कों का भूमि पूजन किया। इनमें राजकीय उच्च विद्यालय खैरियां से चतरा वाया हरिजन बस्ती मार्ग (11 लाख रुपये), राजकीय उच्च विद्यालय बौंगता से हरिजन बस्ती मार्ग (5.12 लाख रुपये) तथा ज्वालामुखी–देहरा–ज्वाली–राजा का तालाब सड़क (45.30 लाख रुपये) शामिल हैं।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करना प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना ।
इस अवसर पर तहसीलदार हरिपुर सुरेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बलवीर ठाकुर , जल शक्ति विभाग राजेश धीमान, विद्युत बोर्ड बालेश शर्मा, पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा,आरटीए सदस्य पवन चौधरी, विकलांग कल्याण बोर्ड के सदस्य अवनीत पठानियां, , यूथ ब्लॉक अध्यक्ष सुमित ठाकुर,एचपीएमसी आमंत्रित सदस्य पुष्पेंद्र शर्मा ,पूर्व प्रधान वीना देवी , गणमान्य नागरिक एवं विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में विस्थापित परिवारों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.