अष्टमी पर ज्वालादेवी मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दिव्य ज्योति लेकर लौटे श्रद्धालु

मिलाप कौशल खुंडियां

चैत्र नवरात्र की अष्टमी के पावन अवसर पर शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं और हजारों श्रद्धालु मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन के लिए पहुंचे। पूरे मंदिर क्षेत्र में “जय मां ज्वाला” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।


अष्टमी के दिन विशेष रूप से श्रद्धालु अपने साथ मां की दिव्य ज्योति लेकर जागरण के लिए जा रहे हैं। मान्यता के अनुसार इस दिव्य ज्योति को घर ले जाकर पूजा-अर्चना करने से सुख-समृद्धि और मां का आशीर्वाद प्राप्त होता है।


मंदिर में श्रद्धालु बच्चों के मुंडन संस्कार भी करवा रहे हैं। इसके साथ ही कन्या पूजन का आयोजन बड़े श्रद्धाभाव से किया जा रहा है, जहां छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जा रही है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के लिए लंगर भी लगाए गए हैं, जहां हजारों लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।


नवरात्र के इस विशेष दिन पर श्रद्धालु हवन-यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान भी करवा रहे हैं। मंदिर में दिनभर पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों का क्रम जारी रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्ति में सराबोर नजर आया।


मंदिर प्रशासन द्वारा भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और कर्मचारियों की ड्यूटी लगातार शिफ्टों में लगाई गई है, ताकि दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
पुजारी कपिल मुनि ने कहा कि अष्टमी के दिन मां ज्वाला के दर्शनों के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कन्या पूजन, हवन और विशेष पूजा-अर्चना के माध्यम से मां का आशीर्वाद लिया जा रहा है।


अजय मंडयाल मंदिर अधिकारी ज्वालामुखी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की तैनाती बढ़ाई गई है और सभी सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading