शहरी आवास योजना के तहत 58 लाभार्थियों को मिले मकान

धर्मपुर, 12 मार्च।
धर्मपुर के विधायक चन्द्रशेखर ने शहरी आवास योजना के अंतर्गत नगर पंचायत संधोल और धर्मपुर के 58 पात्र लाभार्थियों को मकान के स्वीकृति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मकान के निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में सरकार द्वारा धर्मपुर के मण्डप, सज्याओ पिपलू, मढ़ी और गद्दीधार में सीबीएसई स्कूल प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से अंग्रेज़ी माध्यम लागू करना और सीबीएसई स्कूलों की स्थापना सरकार की दूरदर्शी शिक्षा नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से 5वें स्थान तक पहुंचने में सफल रहा है।


उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। जल्द ही नगर पंचायत क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, कूड़ा प्रबंधन और सीवरेज सिस्टम जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिल सकें।


उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बताया कि संधोल अस्पताल के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए सरकार द्वारा 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों तथा सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति भी की जाएगी, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अस्पतालों में एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं तथा अब मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
विधायक ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने और नकदी फसलों की खेती करने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से उगाई गई हल्दी को सरकार 90 रुपये प्रति किलो की दर से खरीद रही है, जिससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading