राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला, 2026 में दो दिवसीय नाट्य उत्सव का होगा आयोजन

नलवाड़ी मेले में रंगमंच की झलक, 17 व 18 मार्च की शाम दर्शकों को मिलेगा नाटकों का आनंद: डीसी

बिलासपुर, 12 मार्च: राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला, 2026 के अंतर्गत इस वर्ष दो दिवसीय नाट्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी अध्यक्ष नलवाड़ी मेला कमेटी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि नाट्य उत्सव का आयोजन 17 और 18 मार्च को बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन, बिलासपुर में किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित नाट्य संस्थाओं और कलाकारों द्वारा नाटकों की प्रस्तुति दी जाएगी।


उन्होंने बताया कि 17 मार्च को नलवाड़ी मेले के उद्घाटन के उपरांत शाम 7 बजे से नाट्य उत्सव के पहले दिन दो नाटकों का मंचन किया जाएगा। पहले नाटक के रूप में रूसी साहित्यकार एंटोन चेखव द्वारा लिखित प्रसिद्ध नाटक द बेयर की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसका मंचन शिमला की नाट्य संस्था द बिगिनर्स द्वारा किया जाएगा तथा इसका निर्देशन कपिल देव शर्मा द्वारा किया गया है। इसके बाद लेखक मोहम्मद इनामुल्ला द्वारा लिखित नाटक खाली प्लेट का मंचन होगा, जिसमें कलाकार विनोद शर्मा और शिवांगी रघु अपने अभिनय की प्रस्तुति देंगे।


उपायुक्त ने बताया कि नाट्य उत्सव के दूसरे दिन 18 मार्च को शाम 6 बजे हरिशंकर परसाई की प्रसिद्ध व्यंग्य रचना एक लड़की, पांच दीवाने पर आधारित नाटक का मंचन उड़ान थिएटर ग्रुप बिलासपुर द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उसी दिन नाटक जहर का मंचन भी किया जाएगा, जिसे पंकज सोनी ने लिखा है और इसका निर्देशन संजय सूद द्वारा किया गया है। इस नाटक में मंच पर संजय सूद और निशांत रघु अभिनय करेंगे।


उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि नलवाड़ी मेले को केवल पारंपरिक मेले तक सीमित न रखकर इसे कला, संस्कृति और रंगमंच सहित विभिन्न विधाओं से जुड़े कलाकारों के लिए भी एक सशक्त मंच बनाया जाए। इससे न केवल स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा बल्कि नलवाड़ी मेले की सांस्कृतिक गरिमा को भी नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।


उपायुक्त राहुल कुमार ने जिला के सभी कला प्रेमियों, युवाओं तथा आमजन से आह्वान किया कि वह इस दो दिवसीय नाट्य उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और नलवाड़ी मेले की सांस्कृतिक गतिविधियों का हिस्सा बनें।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading