अंशुल शर्मा।घुमारवीं
-#पांच से नौ अप्रैल तक मनाया जाने वाला राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला घुमारवीं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उप मंडल अधिकारी (नागरिक) घुमारवीं गौरव चौधरी की अध्यक्षता में विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है, ताकि मेले के प्रत्येक आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न किया जा सके।
इसी कड़ी में आज खेल समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मेले के दौरान बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज (चैस) तथा हैंडबॉल जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा।बैठक में खेल प्रतियोगिताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कारों की घोषणा की गई ।
बास्केटबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹15,000 तथा उपविजेता टीम को ₹11,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जिसे निलाक्स गुप्ता द्वारा प्रायोजित किया गया है। फुटबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹5,100 तथा उपविजेता टीम को ₹3,100 की राशि दी जाएगी, जिसका प्रायोजन राजेंद्र ट्रेड्स द्वारा किया जा रहा है।
इसी प्रकार कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹15,000 तथा उपविजेता टीम को ₹11,000 का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जिसे राजेश पटियाल द्वारा प्रायोजित किया गया है। बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी विभिन्न वर्गों में मुकाबले आयोजित होंगे। ओपन वर्ग में विजेता को ₹3,100 तथा उपविजेता को ₹2,100 का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि अंडर-19 वर्ग में विजेता को ₹2,100 और उपविजेता को ₹1,500 की राशि प्रदान की जाएगी।
बैडमिंटन के डबल्स वर्ग में विशेष श्रेणियां भी निर्धारित की गई हैं, जिसमें खिलाड़ियों की आयु को जोड़कर 65 प्लस और 90 प्लस वर्ग बनाए गए हैं। इन दोनों वर्गों में विजेता टीम को ₹3,100 तथा उपविजेता टीम को ₹2,100 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
शतरंज (चैस) प्रतियोगिता में भी ओपन वर्ग और अंडर-17 वर्ग में मुकाबले होंगे, जिनमें विजेता को ₹3,100 तथा उपविजेता को ₹2,100 का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त मेले के दौरान हैंडबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें भी खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
उप मंडल अधिकारी गौरव चौधरी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान करना और उनमें खेल भावना का विकास करना है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया, ताकि मेले को सफल और यादगार बनाया जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं, ताकि प्रतियोगिताएं सुचारू रूप से आयोजित की जा सकें। बैडमिंटन गेम में रजिस्टर्ड होने के लिए इस बार कोड का प्रयोग खिलाड़ी कर सकते हैं।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.