जोगिंदर नगर, 04 फरवरी: कुष्ठ रोग जागरूकता को लेकर आज जोगिन्दर नगर शहरी क्षेत्र में सिविल अस्पताल व हिमालयन नर्सिंग कॉलेज जोगिंदर नगर के प्रशिक्षुओं द्वारा संयुक्त तौर पर रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को कुष्ठ रोग बारे जागरूकता का संदेश दिया।
इस बात की पुष्टि करते हुए बी.एम.ओ. पधर डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर एवं हिमालयन नर्सिंग कॉलेज जोगिंदर नगर द्वारा संयुक्त रूप से जोगिंदर नगर शहरी क्षेत्र में जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को कुष्ठ रोग बारे जागरूक किया गया। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी सिविल अस्पताल जोगिंदर नगर डॉ. रोशन लाल कौंडल ने कुष्ठ रोग के विभिन्न लक्षणों, कारणों एवं निदान पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग का इलाज और बचाव संभव है। इस रोग को लेकर हमारे समाज में कई प्रकार की भ्रांतियां हैं। उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग का पहला लक्षण प्राय: चमड़ी पर उभरता है। जिसमें सफेद पीले दाद जैसे गोल आकार के अथवा गहरे रंग के संवेदनशील पीड़ा रहित धब्बे होते हैं।
जो कि हाथ, पांव, चेहरे, कान या नितंब में हो सकते हैं। त्वचा के प्रभावित धब्बे से पसीना नहीं आता और बाल उखड़ जाते हैं। कुछ मामलों में रोगी की चमड़ी में गांठ भी बन सकती हैं। इन गांठो पर जब कोई पेन, पेंसिल या नुकीली वस्तु लगाने पर दर्द का एहसास नहीं होता है।
उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग को लेकर समाज में व्याप्त विभिन्न भ्रांतियों से लोग स्वयं को दूर रखें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में कुष्ठ रोग का उपचार उपलब्ध है। अगर कुष्ठ रोग से जुड़ा कोई भी लक्षण पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी अस्पताल में अपनी जांच करवानी चाहिए ताकि समय पर उपचार मिल सके। इस मौके पर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता लता, पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुदर्शन सहित नर्सिंग कॉलेज का स्टाफ भी मौजूद रहा।