विपुल गुप्ता, सुजानपुर, न्यूज हिमाचल 24
हिमाचल प्रदेश की कर्मचारी राजनीति में फायर ब्रांड नेता रह चुके राज्य अराजपत्रित कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष गोपालदास वर्मा ने प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा के साथ करीब 1 घंटा बैठक करने के बाद यह दावा किया कि प्रदेश में भाजपा सरकार की विदाई अब तय हो चुकी है और राज्य के लाखों कर्मचारियों व पेंशनरों के हितों से कुठाराघात करने वाली भाजपा को इस साल विधानसभा चुनावों में करारा सबक सिखाया जाएगा।
गोपालदास वर्मा ने कहा कि कांग्रेस से ही सही मायनों में कर्मचारियों की हितैषी रही है जबकि भाजपा जब-जब प्रदेश में सत्तासीन हुई है, तब तब कर्मचारियों का उत्पीड़न भी हुआ है और उन्हें उनके हकों से भी वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा प्रदेश का कर्मचारी वर्ग इस सरकार में खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग को लेकर भी राज्य के कर्मचारी लगातार संघर्ष का बिगुल बजा रहे हैं लेकिन सत्तारूढ़ दल के नेता नीरो की तरह चैन की बंसी बजा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कर्मचारी अपने वोट की ताकत से भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगा और प्रदेश के कर्मचारी व पूर्व कर्मचारी चुनावों में डट कर कांग्रेस का साथ देंगे।
