पूर्व सैनिकों ने स्वतंत्रता सेनानी के घर के आंगन में तिरंगा लहरा कर की ऐतिहासिक पहल




किरण / पधर ( मंडी )।



सही मायनों में आजादी के मायने क्या होते हैं, इसे स्वतंत्रता संग्राम और देश सेवा में भागेदारी रखने वालों से ज्यादा कोई नहीं समझ सकता। आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के शुभ मौके पर द्रंग विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिलग के सोएला गांव में भारतीय सेना से रिटायर्ड सैनिकों ने सामुहिक रूप से आजादी का जश्र मनाने में अनूठी पहल की है। भारतीय सेना से सेवानिवृत पंचायत और आसपास के क्षेत्रों के दर्जनों पूर्व सैनिकों ने आजादी का 75वां अमृत उत्सव स्वतंत्रता सैनानी के घर के आंगन में ध्वज्जारोहण करके धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथी पहुंची स्वतंत्रता सैनानी की वीर नारी कला देवी के हाथों में ताम्रपत्र था, जिसे देश की आजादी की 25वीं वर्षगांठ के मौके पर भारत सरकार की ओर से तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने स्वतंत्रता सैनानी फागणू राम को स्वतंत्रता संग्राम में स्मर्णीय योगदान देने के लिए राष्ट्र की ओर से भेंट किया था। इस मौके पर स्वतंत्रता सैनानी दिवंगत फागणू राम की धर्म पत्नी वीर नारी कला देवी ने ध्वज्जारोहण किया। सभी पूर्व सैनिकों ने सामुहिक रूप से राष्ट्रीय तिरंगे को सलामी दी। गांव में आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम के सभी पल ऐतिहासिक और स्वर्णीम बने रहे। सामुहिक रूप से सभी सैनिकों ने स्वतंत्रता सैनानी की वीर नारी कला देवी को स्मृति चिंह शॉल टोपी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम को एतिहासिक और स्वर्णीम बनाने के लिए पूर्व सैनिकों ने वीर नारी कला देवी के हाथों वट वृक्ष यादगार के रूप में रोपा। देश सेवा का जज्बा सैनिकों से बेहतर कोई नहीं समझ सकता।


भले ही सरकार और प्रशासन वीर नारियों को देश के सम्मान में आयोजित होने वाले समारोहों में भूलता जा रहा है। लेकिन सेना में सेवाएं दे चुके सैनिक वीर नारियों के हो रहे अपमान को रोकने में आगे आने लगे हैं, ताकि देश की भावी पीढ़ी को मालूम हो कि देश की आजादी में भारत के स्वतंत्रता सैनानियों ने किस प्रकार योगदान देकर अंग्रेजी हकूमत की जंजीरों को तोड़ते हुए इस देश को आजादी दिलवाई है। इस मौके पर पूर्व सैनिक मनसा राम, शोभा राम, नरेंद्र कुमार, गुरूदेव सिंह, दीना नाथ, हरबंश राम, दलीप सिंह, देविंदर, बालम राम ठाकुर, चंद्रमणि ठाकुर, धर्म चंद, तारापती, जय पाल, दूनी चंद, हुकम चंद, दुनी चंद ठाकुर, बेसर सिंह, ओम चंद, मनी राम, नेत्र लाल, वीर नारी परिवार सहित गांव के समस्त लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Alert: Content is protected !!